गया जंक्शन पर बड़ा बदलाव: प्लेटफॉर्म वन-बी को हाई-लेवल बनाने की तैयारी, मिलेगा वर्ल्ड क्लास एक्सपीरियंस

Published by : Suryakant Kumar Updated At : 04 Jun 2026 10:55 PM

विज्ञापन

गया जंक्शन फाइल फोटो

Gaya Junction Platform Upgrade: गया जंक्शन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में प्लेटफॉर्म संख्या वन-बी के आधुनिकीकरण के लिए 25 दिनों के मेगा ब्लॉक की तैयारी चल रही है. कंस्ट्रक्शन एजेंसी के प्रस्ताव को स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा, जिससे लो-लेवल प्लेटफॉर्म को हाई-लेवल में बदला जाएगा.

विज्ञापन

Gaya Junction Platform Upgrade (गयाजी कार्यालय से रोहित कुमार सिंह की रिपोर्ट) :
गया जंक्शन को वर्ल्ड क्लास सुविधाओं से लैस करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया जा रहा है. रेलवे द्वारा धीरे-धीरे गया जंक्शन के हर प्लेटफॉर्म पर विकास कार्य किया जा रहा है. पूर्व में प्लेटफॉर्म संख्या एक से लेकर सात तक विकास कार्यों को पूरा किया जा चुका है. अब प्लेटफॉर्म संख्या वन-बी पर करीब 25 दिनों का मेगा ब्लॉक लेकर व्यापक विकास व निर्माण कार्य किये जाने की तैयारी है. रेलवे सूत्रों के अनुसार, प्लेटफॉर्म वन-बी फिलहाल लो-लेवल का प्लेटफॉर्म है, जिसे हाई-लेवल का प्लेटफॉर्म बनाया जायेगा. इसके साथ ही यात्री सुविधाओं के विस्तार और अन्य आधारभूत संरचनात्मक कार्यों को तेजी से पूरा किया जायेगा ताकि भविष्य में बढ़ती यात्री संख्या को संभाला जा सके.

कंस्ट्रक्शन एजेंसी ने रेलवे बोर्ड को भेजा औपचारिक प्रस्ताव

इस बड़े प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारने के लिए निर्माण कंस्ट्रक्शन एजेंसी की ओर से रेलवे को औपचारिक मांग (प्रस्ताव) भेजी गयी है. इस प्रस्ताव को उच्चाधिकारियों से स्वीकृति मिलते ही प्लेटफॉर्म पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जायेगा. हालांकि, रेलवे की ओर से अभी तक ब्लॉक की आधिकारिक तिथि की घोषणा नहीं की गयी है. तिथि फाइनल होने के बाद मेगा ब्लॉक लेकर धरातल पर कामकाज शुरू कर दिया जायेगा. रेलवे का मुख्य लक्ष्य स्टेशन की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि करना और यात्रियों के सफर को सुगम बनाना है.

गया-रामपुरहाट पैसेंजर को मानपुर स्टेशन पर ही रोकने की तैयारी

इस 25 दिनों के मेगा ब्लॉक के दौरान सबसे अधिक प्रभाव गया-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेनों के परिचालन पर पड़ने की संभावना जतायी जा रही है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इन ट्रेनों को अस्थायी रूप से मानपुर स्टेशन तक ही संचालित किया जा सकता है. ऐसी स्थिति में ट्रेन रामपुरहाट जंक्शन से खुलकर मानपुर तक आयेगी और वहीं से वापस रामपुरहाट के लिए रवाना हो जायेगी. यदि यह व्यवस्था लागू होती है, तो गया और मानपुर स्टेशन के बीच ट्रेन सेवा अस्थायी रूप से बाधित रहेगी, जिससे दैनिक यात्रियों को कुछ असुविधा का सामना करना पड़ सकता है.

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से की सहयोग की अपील

रेलवे प्रशासन ने संभावित मेगा ब्लॉक और ट्रेनों के परिचालन में होने वाले इस अस्थायी बदलावों को देखते हुए आम यात्रियों से सहयोग की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि विकास कार्यों के दौरान यात्रियों को थोड़ी असुविधा जरूर होगी, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य में यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक रेलवे सेवाएं उपलब्ध कराना है. गया जंक्शन पर प्रस्तावित यह मेगा ब्लॉक स्टेशन के भविष्य को नयी दिशा देने वाली एक बेहद महत्वपूर्ण पहल साबित होगी.

Also Read: दादा की आंखों के सामने डूब गया मासूम पोता, चीख-पुकार के बीच नहीं बच सकी जान

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन