बैंक खातों से अवैध निकासी के बाद भी पुलिस ने नहीं दर्ज की FIR, पीड़ितों ने SSP से लगाई गुहार

Updated:
विज्ञापन
बैंक खातों से अवैध निकासी के बाद भी पुलिस ने नहीं दर्ज की FIR, पीड़ितों ने SSP से लगाई गुहार

Gaya Ji Cyber Fraud : गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के दो पीड़ितों ने बैंक खातों से अवैध निकासी की शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं होने का आरोप लगाया है. मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर दोनों ने एसएसपी से भी गुहार लगाई है.

विज्ञापन

Gaya Ji Cyber Fraud : फतेहपुर थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग पीड़ितों ने बैंक खातों से अवैध निकासी के मामले में स्थानीय थाना में लिखित आवेदन देने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं होने का गंभीर आरोप लगाया है. रविवार को दोनों पीड़ितों ने संयुक्त रूप से बताया कि फतेहपुर थाना में स्पष्ट शिकायत देने के बाद भी पुलिस ने अब तक केस दर्ज नहीं किया है. थाना स्तर पर कोई सुनवाई न होने के बाद इस पूरे मामले की शिकायत गया के एसएसपी सुशील कुमार से भी की गई, लेकिन उसके बावजूद अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.

खाते से उड़ाए 19 हजार

पहले मामले के पीड़ित रघवाचक निवासी विशेश्वर यादव ने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक की जमेहता शाखा स्थित उनके बैंक खाते से साइबर अपराधियों ने 12 अप्रैल को 10 हजार रुपये और फिर 14 अप्रैल को 9,500 रुपये की अवैध निकासी कर ली. इस धोखाधड़ी की जानकारी उन्हें करीब 10 दिन बाद हुई, जब उन्होंने अपना खाता चेक किया. इसके तुरंत बाद उन्होंने फतेहपुर थाना में लिखित आवेदन देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की.

एईपीएस के माध्यम से खाते से उड़ाए 50 हजार रुपये

वहीं, दूसरे पीड़ित शिव प्रसाद ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि पंजाब नेशनल बैंक में स्थित उनके खाते से आठ अप्रैल से 13 अप्रैल के बीच आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम (AEPS) के माध्यम से पांच बार में कुल 50 हजार रुपये की अवैध निकासी कर ली गई. उन्होंने इस साइबर फ्रॉड की लिखित शिकायत तुरंत संबंधित बैंक शाखा, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 तथा फतेहपुर थाना में दर्ज कराई, लेकिन इसके बावजूद अब तक स्थानीय पुलिस द्वारा प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है.

Gaya Ji News : हेल्पलाइन पर भी नहीं हुई सुनवाई

रविवार को दोनों पीड़ितों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि थाना में बार-बार आवेदन देने के बाद भी जब मामला दर्ज नहीं किया गया, तब हारकर उन्होंने एसएसपी सुशील कुमार से मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई, लेकिन उसके बाद भी अब तक एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी है. पीड़ितों ने वरिष्ठ पुलिस प्रशासन से इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की गाढ़ी कमाई वापस दिलाने की पुरजोर मांग की है.

Also Read : गया जी में वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने जीटी रोड किया जाम

विज्ञापन
Arvind Kumar

लेखक के बारे में

By Arvind Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन