गंगा सतलज एक्सप्रेस की तेल टंकी फटी, लगातार रिस रहा था तेल; देव रोड के पास रोककर 45 मिनट में हुई मरम्मत
सांकेतिक तस्वीर
गंगा सतलज एक्सप्रेस में तेल रिसाव होने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. देव रोड के पास ट्रेन को रोका गया और 45 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद तेल टंकी की मरम्मत की गई. आरपीएफ की सतर्कता से एक बड़ी घटना टल गई.
Ganga Sutlej Express Oil Leak : धनबाद से फिरोजपुर कैंट जाने वाली गाड़ी संख्या 13307 गंगा सतलज एक्सप्रेस के एक कोच की तेल टंकी फट जाने से रविवार की देर रात रेल परिचालन रोकने से अचानक अफरा-तफरी मच गयी.
आपके शहर में
तेल का रिसाव होने के कारण ट्रेन को देव रोड के पास करीब 45 मिनट तक रोकना पड़ा. रेलवे अधिकारियों और तकनीकी टीम की तत्परता से टंकी की मरम्मत की गयी, जिसके बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया.
आरपीएफ टीम ने देखा तेल रिसाव
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात करीब 1:39 पर गंगा सतलज एक्सप्रेस जब इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन पहुंची, तब आरपीएफ की टीम की नजर ट्रेन से तेल गिरने पर पड़ी.
टीम ने तत्काल इसकी जानकारी संबंधित स्टेशन मास्टर को दी. हालांकि, तब तक ट्रेन रफीगंज रेलवे स्टेशन को पार कर चुकी थी.
देव रोड के पास रोकी गयी ट्रेन
सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों की टीम सक्रिय हुई और ट्रेन के देव रोड के पास पहुंचने पर इसकी जांच की गयी. जांच के दौरान पता चला कि ट्रेन की तेल टंकी फट गयी थी, जिसके कारण लगातार तेल का रिसाव हो रहा था.
तेल का रिसाव लंबे समय तक जारी रहने पर आग लगने जैसी गंभीर घटना की आशंका बनी हुई थी. इससे यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ रेल परिचालन पर भी बड़ा असर पड़ सकता था. रेलवे अधिकारियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन को देव रोड के पास रोक दिया.
45 मिनट की मशक्कत के बाद मरम्मत पूरी
इसके बाद तकनीकी कर्मचारियों ने तेल टंकी की जांच कर आवश्यक मरम्मत का कार्य शुरू किया.
करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद टंकी को दुरुस्त कर दिया गया और तेल का रिसाव बंद होने की पुष्टि के बाद ट्रेन को आगे रवाना किया गया.
सतर्कता से टली बड़ी घटना
आरपीएफ टीम की सतर्कता और रेलवे अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी घटना टल गयी.
समय रहते तेल रिसाव का पता चलने और ट्रेन को सुरक्षित स्थान पर रोककर मरम्मत किए जाने से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई. ट्रेन के दोबारा रवाना होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए