मगध मेडिकल की बदहाल व्यवस्था पर डीएम सख्त, 6 हॉस्पिटल मैनेजर का वेतन बंद; 10 दिनों में सुधार नहीं तो होगी कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन

जांच के दौरान मौजूद डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डीएम शशांक शुभंकर ने मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर कड़ी नाराज़गी जताई. उन्होंने साफ-सफाई और मरीजों के भोजन की गुणवत्ता पर असंतोष जताते हुए 6 हॉस्पिटल मैनेजरों का वेतन रोकने का आदेश दिया. 10 दिनों के भीतर सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.

विज्ञापन

Gaya Ji News: गया जी स्थित अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच) में साफ-सफाई और मरीजों को मिलने वाले भोजन की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने बुधवार को अस्पताल का सघन स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर और वार्डों में गंदगी तथा बदहाली देखकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने अस्पताल में पदस्थापित सभी छह हॉस्पिटल एवं हेल्थ मैनेजरों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकने का आदेश दिया और उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का निर्देश जारी किया. डीएम ने दो टूक चेतावनी दी कि यदि अगले 10 दिनों के भीतर अस्पताल की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ, तो सीधे विभागीय दंडात्मक कार्रवाई शुरू की जाएगी.

विज्ञापन

रात में डॉक्टरों की तैनाती और मुख्य द्वार से जल निकासी के निर्देश

जिला पदाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि रात के समय ड्यूटी से डॉक्टरों का नदारद रहना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, क्योंकि इससे आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों की जान जोखिम में पड़ती है. अस्पताल भवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर बारिश के जमा पानी को देखकर डीएम ने गहरी आपत्ति जताई और बीएमएसआईसीएल (BMSICL) की निर्माण एजेंसी को तत्काल जल निकासी कराने तथा द्वार के आसपास पेवर ब्लॉक बिछाने के निर्देश दिए. उन्होंने पूरे परिसर में जलजमाव वाले संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर उनके स्थायी समाधान, इमरजेंसी व एमसीएच वार्ड में खराब पड़े पंखे और एसी को तुरंत दुरुस्त करने तथा अंधेरे वाले ब्लैक स्पॉट्स पर अतिरिक्त लाइट लगाने के लिए सात दिनों की समयसीमा तय की.

निजी एंबुलेंस के प्रवेश पर रोक, विशेष अभियान चलाने का हुक्म

अस्पताल परिसर में निजी एंबुलेंसों के अनधिकृत ठहराव और दलालों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने के लिए डीएम ने कड़े आदेश दिए. उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देशित किया कि किसी भी परिस्थिति में परिसर में निजी एंबुलेंस को प्रवेश न करने दिया जाए. इसके साथ ही सदर एसडीओ और पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) को निर्देश दिया गया कि वे विशेष पुलिस अभियान चलाकर परिसर के भीतर अवैध रूप से खड़ी निजी एंबुलेंसों को तत्काल बाहर खदेड़ें और दोषी चालकों व संचालकों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करें.

जांच के दौरान मौजूद डीएम व अन्य  | Prabhat Khabar Network
जांच के दौरान मौजूद डीएम व अन्य | Prabhat Khabar Network

24 घंटे में भोजन की गुणवत्ता सुधारने और कलर कोडेड चादरें बदलने का आदेश

वार्डों में भर्ती मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने गुणवत्ता पर असंतोष जताया और अस्पताल अधीक्षक को अगले 24 घंटे के भीतर मरीजों के आहार में गुणवत्तापूर्ण सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि मगध प्रमंडल के दूर-दराज से आने वाले गरीब मरीजों को हर हाल में पोषक और ताजा भोजन मिलना चाहिए. इसके अलावा, उन्होंने राज्य सरकार के स्वास्थ्य मानकों का हवाला देते हुए वार्डों में प्रत्येक बेड की चादर को निर्धारित साप्ताहिक 'कलर कोडिंग' के अनुसार प्रतिदिन नियमित रूप से बदलने का कड़ा निर्देश दिया.

दवाओं की उपलब्धता और वार्डों के शौचालयों की सघन जांच

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नवजात शिशु ओपीडी वार्ड का भी दौरा किया और ऑन-ड्यूटी चिकित्सकों द्वारा लिखी जा रही पर्चियों का मिलान किया. उन्होंने अस्पताल के दवा काउंटर पर मौजूद स्टॉक और मरीजों द्वारा बाहर से खरीदी जा रही दवाओं की पड़ताल की. डीएम ने अधीक्षक को सख्त हिदायत दी कि सभी आवश्यक एवं जीवनरक्षक बेसिक दवाएं अस्पताल में हर वक्त उपलब्ध रहनी चाहिए, ताकि मरीजों को बाहर की दुकानों पर आर्थिक बोझ न उठाना पड़े. इसके उपरांत डीएम ने विभिन्न वार्डों और शौचालयों की सफाई व्यवस्था का स्वयं घूम-घूमकर जायजा लिया और चेतावनी दी कि सफाई कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित आउटसोर्स एजेंसी पर भारी पेनल्टी लगाई जाएगी.

Also Read: गया जी में प्रधानाध्यापक के निधन पर शिक्षक वेलफेयर ट्रस्ट ने दी 75 हजार रुपये की सहायता

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन