15वीं वित्त योजना में घूसखोरी का भंडाफोड़, गयाजी के BDO राकेश कुमार 50 हजार लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

कोर्ट पैंट में BDO राकेश कुमार

Bihar News: गयाजी में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई सामने आई है. नगर प्रखंड के बीडीओ राकेश कुमार को निगरानी टीम ने 50 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. यह मामला 15वीं वित्त आयोग की योजना से जुड़ा बताया जा रहा है.

विज्ञापन

Bihar News: गयाजी जिले के नगर प्रखंड में सोमवार को निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की. प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) राकेश कुमार को 50 हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया. कार्रवाई नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी की शिकायत पर की गई. गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम बीडीओ को अपने साथ पटना ले गई.

आपके शहर में

विज्ञापन

15वीं वित्त आयोग की योजना से जुड़ा मामला

यह पूरा मामला 15वीं वित्त आयोग की एक योजना से जुड़ा है. नगर प्रखंड प्रमुख सुचिता रंजनी के अनुसार, स्कूल की चहारदीवारी निर्माण योजना को पास कराने के बदले बीडीओ ने 1 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी. बाद में यह रकम किस्तों में देने पर बात तय हुई. पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपए सोमवार को देने की शर्त रखी गई थी.

शिकायत के बाद बिछाया गया जाल

रिश्वत की मांग से परेशान होकर प्रमुख ने निगरानी विभाग से संपर्क किया. शिकायत के बाद निगरानी ने पहले मामले का सत्यापन कराया. इसके बाद पूरी योजना बनाई गई. तय समय पर नगर प्रखंड कार्यालय स्थित प्रमुख के चेंबर में बीडीओ को पैसे दिए गए. जैसे ही बीडीओ ने रकम अपने पास रखी, निगरानी टीम ने मौके पर ही दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया.

पहले भी मांग चुका था पैसे

प्रमुख सुचिता रंजनी ने आरोप लगाया कि यह पहली बार नहीं था. बीडीओ पहले भी योजनाओं की जांच और फाइल आगे बढ़ाने के नाम पर पैसे मांगते रहे हैं. उनका व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध रहा है. इस मामले में प्रखंड के अन्य कर्मियों से भी पूछताछ की जा सकती है.

ऑफिस और आवास पर छापेमारी

गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम ने बीडीओ के कार्यालय और सरकारी आवास पर तलाशी शुरू कर दी है. वहां मौजूद दस्तावेजों की जांच की जा रही है. साथ ही नकदी और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं यह मामला इससे बड़ा तो नहीं है.

निगरानी डीएसपी ने दी जानकारी

निगरानी विभाग के डीएसपी सत्येंद्र राय ने बताया कि रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद तय प्रक्रिया के तहत जाल बिछाया गया था. बीडीओ को 50 हजार रुपए लेते हुए पकड़ा गया है. कुल 1 लाख रुपए की मांग की गई थी. आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है. इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है.

Also Read: उत्साह इतना कि भूल गया समर्थक कपड़े का रंग, नितिन नवीन के स्वागत में लहरा दिया अपना काला गमछा

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन