गया जी : शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर 100 साल पुराना बरगद का पेड़ गिरा, बाइक सवार घायल, आवागमन ठप
शेरघाटी चेरकी मार्ग पर गिरा बरगद का विशालकाय पेड़
Sherghati Banyan Tree Falls : शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर अचानक 100 साल पुराना बरगद का पेड़ गिर गया, जिससे नगर परिषद का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और एक बाइक सवार युवक घायल हो गया. इस घटना से मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
Sherghati Banyan Tree Falls : गया जी के शेरघाटी-चेरकी मार्ग पर टेलीफोन एक्सचेंज के समीप सोमवार को अचानक एक विशालकाय बरगद का पेड़ सड़क पर गिर गया. इस घटना में नगर परिषद का कूड़ा-कचरा संग्रह करने वाला वाहन क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पेड़ की चपेट में आने से एक अपाचे बाइक सवार युवक घायल हो गया.
आपके शहर में
नगर परिषद का वाहन क्षतिग्रस्त, बाइक सवार घायल
हादसे में बाइक को भी नुकसान पहुंचा है. हालांकि नगर परिषद के वाहन में सवार चालक और अन्य कर्मी बाल-बाल बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि देखते ही देखते करीब 100 वर्ष पुराना बरगद का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा. उस समय सड़क से गुजर रहे वाहन चालक और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई.
स्थानीय लोगों की सतर्कता से टला बड़ा नुकसान
स्थानीय लोगों की तत्परता से पेड़ के आसपास रहे लोगों को हटा दिया गया. वहीं पेड़ के चपेट में आए बाइक सवार को भी वहां से निकाल कर उसे इलाज के लिए भेज दिया गया है बताया जाता है कि उसे हल्की-फुल्की चोट लगी है.
धार्मिक आस्था और छांव का था प्रमुख केंद्र
लोगों ने बताया कि यह बरगद का पेड़ वर्षों पुराना था और अपनी घनी छाया के कारण लोगों के लिए विश्राम स्थल बना हुआ था. आसपास की महिलाएं वट सावित्री पूजा के दिन पेड़ की पूजा भी करती थीं. पेड़ गिरने से शेरघाटी-चेरकी मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
मुख्य मार्ग पर लगा लंबा जाम, प्रशासन को दी गई सूचना
घटना की सूचना वन विभाग और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गई है. स्थानीय लोगों ने जल्द से जल्द पेड़ हटाकर मार्ग को चालू कराने की मांग की है, ताकि आवागमन सामान्य हो सके. प्रशासन के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है.
Also Read : गया जी : बाराचट्टी में बड़े भाई ने की छोटे भाई की हत्या, लोहे की रॉड से सिर पर किया वार
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए