गया जी : विवाह मंडप और पैक्स गोदाम के लिए एक ही प्लॉट आवंटित, ग्रामीणों ने की जांच की मांग

Updated:
विज्ञापन
डोभी के बजौरा में एक ही प्लॉट पर दो अनापत्ति प्रमाणपत्र, विवाद बढ़ा

Gaya Ji News : गया जी के बजौरा गांव में एक ही जमीन पर दो सरकारी योजनाओं के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी होने से बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. इससे निर्माण कार्य ठप हो गया है और ग्रामीणों में तनाव की स्थिति है.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी जिले के डोभी अंचल अंतर्गत बजौरा गांव में एक ही प्लॉट पर डोभी अंचलाधिकारी (सीओ) द्वारा दो अलग-अलग सरकारी योजनाओं के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी कर दिए जाने से विवाद ने भारी रूप ले लिया है. स्थानीय पंचायत मुखिया भुईं यादव ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम पंचायत बजौरा ने बजौरा गांव में विवाह मंडप निर्माण के लिए 30 डिसमिल क्षेत्रफल वाली जमीन का आधिकारिक अनापत्ति प्रमाण पत्र डोभी अंचल कार्यालय से प्राप्त किया है.

इस विवाह मंडप निर्माण वाले चिह्नित प्लॉट की चौहद्दी उत्तर दिशा में पंचायत सरकार भवन, दक्षिण में प्लॉट संख्या 3771 का अंश, पूर्व दिशा में नदी और पश्चिम दिशा में ग्रामीण सड़क बताई गई है.

संवेदक आमने-सामने और काम ठप

मुखिया भुईं यादव ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ठीक इसी प्लॉट पर डोभी सीओ ने पैक्स गोदाम निर्माण के लिए भी दूसरा अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिया है. अंचल कार्यालय की इस बड़ी लापरवाही के कारण परिसर में दोनों अलग-अलग योजनाओं के संवेदक (ठेकेदार) अब आपस में आमने-सामने खड़े हो गए हैं, जिससे धरातल पर दोनों ही योजनाओं का काम पूरी तरह ठप होने की स्थिति बन गई है.

वर्तमान में दोनों पक्ष अपने-अपने अनापत्ति प्रमाणपत्र के साथ साइट पर निर्माण कार्य आरंभ कराने के लिए अड़े हुए हैं, जिससे निर्माण स्थल पर हिंसक टकराव और तनाव की आशंका बहुत अधिक बढ़ गई है.

जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

इस गंभीर प्रशासनिक गड़बड़ी को लेकर आक्रोशित ग्रामवासियों ने प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी डोभी के समक्ष लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. इसके साथ ही मामले के उचित निवारण के लिए जिला प्रशासन गया को भी एक प्रतिलिपि भेजी गई है.

स्थानीय ग्रामीण क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आपसी संगति भंग न होने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल, प्रशासनिक हस्तक्षेप की प्रतीक्षा में पूरा इलाका पूरी तरह तनावग्रस्त दिख रहा है और स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से मामले की शीघ्र जांच, भौतिक सत्यापन व स्थिति को स्पष्ट करने की अपील की है.

Also Read : गया-डोभी फोरलेन कार हादसे में रांची के प्रियांशु प्रजापति की मौत, जिंदा जले तीसरे युवक की भी हुई पहचान


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन