समस्याओं के समाधान के लिए गोलबंद हो रहे छात्र संगठन

Updated at :21 Oct 2016 1:44 AM
विज्ञापन
समस्याओं के समाधान के लिए गोलबंद हो रहे छात्र संगठन

बोधगया: मगध विश्वविद्यालय (एमयू) प्रशासन द्वारा परीक्षा लेने व परीक्षाफल के प्रकाशन में विलंब के कारण अब छात्र संगठन गोलबंद होने लगे हैं. छात्र संगठनों ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताया है. इस सिलसिले में छात्र राजद के एमयू अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय […]

विज्ञापन
बोधगया: मगध विश्वविद्यालय (एमयू) प्रशासन द्वारा परीक्षा लेने व परीक्षाफल के प्रकाशन में विलंब के कारण अब छात्र संगठन गोलबंद होने लगे हैं. छात्र संगठनों ने इसे विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही करार देते हुए छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताया है.

इस सिलसिले में छात्र राजद के एमयू अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रशासन की लापरवाही के कारण छात्र-छात्राओं को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने बताया कि एमयू प्रशासन द्वारा पीजी के सेकेंड व फोर्थ सेमेस्टर का परीक्षा फॉर्म अब तक नहीं भरा गया है. इससे सत्र के पिछड़ने का खतरा भी मंडराने लगा है. साथ ही पीजी के फर्स्ट व थर्ड सेमेस्टर की परीक्षा परिणाम भी अब तक प्रकाशित नहीं किये जा सके हैं. अध्यक्ष ने कहा कि बीएड के सत्र 2015-17 के परीक्षा फॉर्म अब तक जमा नहीं लिये गये हैं व नामांकन में भी देर की जा रही है.

छात्रावास की समस्या भी बढ़ी
एमयू कैंपस स्थित विभिन्न विभागों में दाखिला लेनेवाले छात्र-छात्राओं की संख्या के मुकाबले यहां उनके लिए छात्रावासों की संख्या काफी कम है. इस कारण ज्यादातर स्टूडेंट्स को हॉस्टल में कमरे उपलब्ध नहीं हो पाते हैं. इस समस्या को लेकर भी छात्र संगठनों ने एमयू प्रशासन को नये हॉस्टलों के निर्माण कराने की सलाह देते हुए कहा है कि हॉस्टलों में कमरे नहीं मिलने के कारण अधिकतर छात्र-छात्राओं को ज्यादा भुगतान कर किराये के कमरों में रहना पड़ता है या फिर काफी दूरी तय कर यहां क्लास करने आना पड़ता है.

छात्रों ने बताया कि कैंपस में बिजली की समस्या से निजात दिलाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए. मुख्य रूप से महिला छात्रावासों में बिजली गुल होने पर छात्राओं के समक्ष भय का माहौल कायम हो जाता है.

कैंपस के हॉस्टल नंबर सात में रहनेवाले स्टूडेंट्स का कहना है कि हॉस्टल से फिजियोथेरेपी विभाग के ओपीडी तक आनेवाली सड़क काफी जर्जर है व इससे बारिश होने पर आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. उधर, छात्र संघ के सचिव दीपक कुमार ने भी एमयू प्रशासन द्वारा परीक्षा लेने, परीक्षाफल प्रकाशित करने व पिछले दिनों स्नातक पार्ट थर्ड के परीक्षाफल में हुई त्रुटियों को ठीक करने में देर होने पर चिंता जाहिर की है व कहा है कि एमयू प्रशासन द्वारा एकेडमिक कैलेंडर को दुरुस्त नहीं किये जाने की स्थिति में छात्र संगठन गोलबंद होकर आंदोलन शुरू कर देगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन