शहर में 70 करोड़ का हुआ कारोबार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 06 Nov 2018 7:16 AM
विज्ञापन
गया : धनतेरस के मौके पर सोमवार को शहर में विभिन्न मंडियों व प्रतिष्ठानों में इलेक्ट्रॉनिक्स, बाइक, सोना चांदी व बर्तन की खरीदारी करने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह 11 बजे से ही शहर के केपी रोड, रमना रोड, लोहा पट्टी, टावर चौक, जीबी रोड में लोगों की भीड़ आनी शुरू हो गयी. इस […]
विज्ञापन
गया : धनतेरस के मौके पर सोमवार को शहर में विभिन्न मंडियों व प्रतिष्ठानों में इलेक्ट्रॉनिक्स, बाइक, सोना चांदी व बर्तन की खरीदारी करने लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. सुबह 11 बजे से ही शहर के केपी रोड, रमना रोड, लोहा पट्टी, टावर चौक, जीबी रोड में लोगों की भीड़ आनी शुरू हो गयी. इस दफा धनतेरस पर 70 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है. गौरतलब है कि पिछले वर्ष धनतेरस के मौके पर 50 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ था. लोगों की भीड़ के कारण सभी मंडियों में रौनक रही. इससे कारोबारियों के चेहरों पर भी खुशी देखी गयी.
वाहनों की खरीद में रहा आकर्षण
शहर में दोपहिया वाहनों की की खूब बिक्री हुई. पहले से ही बुकिंग करा चुके लोग एजेंसी खुलते ही पहुंच गये. लगभग 2000 से ज्यादा दोपहिया वाहनों के अलावा 200 से ज्यादा कारों की डिलीवरी हुई. स्टेशन रोड स्थित होंडा शो रूम के प्रोपराइटर अजय तरवे के अनुसार होंडा की 500 (स्कूटर व बाइक मिला कर) की बिक्री हुई. इसके अलावा पियाजियो के 150 ऑटो व वेस्पा के 15 स्कूटर बिके. गेवाल बिगहा मोड़ स्थित आरती सुजुकी में 190 दोपहिया वाहन बिके. स्वराजपुरी रोड स्थित पार्वती यामहा में 260 दोपहिया वाहन बिके. वहीं, रिनॉल्ट की 51 चारपहिया वाहनों की डिलिवरी हुई. स्वराजपुरी रोड स्थित मेसर्स राजेंद्र ऑटोमोबाइल के रोहित गुप्ता ने बताया कि 10 दोपहिया वाहनों की बिक्री हुई. शो रूम के प्रोपराइटरों ने बताया कि धनतेरस को लेकर करीब 25 करोड़ की कारें व नौ करोड़ की बाइकें बिकी हैं.
इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स व बर्तन बिके
धनतेरस पर बर्तन व इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स का बाजार गर्म रहा. टॉवर चौक स्थित बर्तन टोली में सबसे ज्यादा भीड़ रही. कारोबारियों की मानें तो लोगों ने प्लेट का सेट, कड़ाही का सेट, प्रेशर कुकर, तांबे के दीपक की बड़े पैमाने पर खरीदारी की. इसके अलावा लोगों ने छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए तांबे का सूप खरीदा. कारोबारियों की मानें तो इस दफा 25 करोड़ से ज्यादा का इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स बिके. इसमें सबसे ज्यादा सिंगल व डबल विंडो फ्रिज, वाशिंग मशीन, होम थियेटर के अलावा आयरन की बिक्री जम कर हुई.
सर्राफा मंडी में खूब चमके गहने
सर्राफा मंडी में धनतेरस के मौके पर सोने चांदी के आभूषणों की खूब बिक्री हुई.रमना रोड, बजाजा रोड, स्वराजपुरी रोड, सिविल लाइंस आदि स्थित सोने चांदी की दुकानों में दोपहर 12 बजे के बाद खरीदारों की भीड़ आनी शुरू हो गयी. सर्राफा मंडी से जुड़े कारोबारियों की मानें तो करीब 21 करोड़ का कारोबार हुआ है. 800 रुपये से लेकर 1200 रुपये मूल्य के चांदी के सिक्के भी खूब बिके. आभूषण की दुकानों पर सोने व चांदी के बर्तन कटोरा, प्लेट के अलावा फूलदानों की बिक्री हुई.
ऑनलाइन कारोबार का दिखा असर
पर्व के मौके पर ऑनलाइन चीजें मंगवाने का क्रेज शहर के लोगों में काफी देखा जा रहा है. इस दफा भी ऑनलाइन चीजें लोगों ने खूब मंगवायी. नयी गोदाम के रहनेवाले अशोक ने इस दफा 30 रुपये का फ्रिज मंगवाया, तो माड़नपुर की रहनेवाली रेशमी ने इस बार 10 हजार रुपये में किचेन सेट मंगवाया. सेंट्रल बिहार चेंबर ऑफ कॉमर्स के महासचिव प्रमोद भदानी कहते हैं कि महानगरीय कल्चर के अनुरूप यहां भी लोग ऑनलाइन खरीदारी पर काफी भरोसा करते हैं. इसका असर गया के कारोबार पर भी दिख रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










