छात्रा से छेड़खानी पर ग्रामीणों ने घेरा स्कूल, आरोपित शिक्षक गिरफ्तार, एचएम से मांगा स्पष्टीकरण
अश्लील हरकत करने के आरोपित शिक्षक. | Prabhat Khabar Network
दरभंगा के स्कूल में छात्रा से शिक्षक द्वारा कथित छेड़खानी के बाद ग्रामीणों ने स्कूल का घेराव कर हंगामा किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार किया है.
दरभंगा: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र की भरहुल्ली पंचायत स्थित राजकीय मध्य विद्यालय कोरा में बुधवार को छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित छेड़खानी की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर का घेराव कर विरोध जताया और आरोपित शिक्षक को उनके हवाले करने की मांग की. घटना के बाद आरोपित शिक्षक राजेश पासवान के फरार होने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण और आक्रोशित हो गये.
ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक बिकटूरिया मोची और शिक्षक विजय पासवान पर आरोपित शिक्षक को भगाने में मदद करने का आरोप लगाया और दोनों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की.

कई थानों की पुलिस पहुंची
हंगामे की सूचना पर पहले डायल 112 की टीम विद्यालय पहुंची. इसके बाद सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष वसंत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को भी घेर लिया. ग्रामीण कार्यालय में बंद एचएम और शिक्षक को बाहर निकालने का प्रयास करने लगे.
पुलिस ने कार्यालय के गेट पर भीड़ को रोककर स्थिति नियंत्रित की. माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए सदर एसडीपीओ-2, सीओ अंकुर राय, सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार समेत अन्य थानों से पुलिस बल कोरा पहुंचा. इसके बाद स्थिति शांत हुई.
दो अन्य छात्राओं ने भी की शिकायत
परिजनों के अनुसार, वर्ग चार की छात्रा घर पहुंची और रोते हुए शिक्षक राजेश पासवान पर कक्षा संचालन के दौरान छेड़खानी करने का आरोप लगाया. इसके बाद दो अन्य छात्राओं ने भी शिक्षक के खिलाफ शिकायत की.
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने का प्रयास किया गया. इसी बीच बड़ी संख्या में लोग विद्यालय पहुंच गये. जिपस ओम प्रकाश ठाकुर, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव, सरपंच प्रतिनिधि ललित यादव समेत अन्य लोगों ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति शांत कराने का प्रयास किया.
पॉक्सो एक्ट में प्राथमिकी, आरोपित शिक्षक गिरफ्तार
सदर एसडीपीओ के कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए. पुलिस ने आरोपित शिक्षक राजेश पासवान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है. सिमरी थाना पुलिस की मदद से आरोपित शिक्षक को भराठी से गिरफ्तार कर लिया गया.
विद्यालय पहुंचे बीइओ विनोद कुमार ने बताया कि आरोपित शिक्षक के निलंबन की अनुशंसा वरीय अधिकारी से की जा रही है. वहीं, एचएम बिकटूरिया मोची और शिक्षक विजय पासवान से आरोपित शिक्षक को भगाने के आरोप को लेकर स्पष्टीकरण मांगा जा रहा है.
घटना को लेकर ग्रामीणों में काफी आक्रोश है. लोगों का कहना था कि शिक्षकों का आचरण बच्चों के लिए महत्वपूर्ण है और ऐसी घटना से छात्रों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है.
यह भी पढ़ें
दरभंगा एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की मुंबई फ्लाइट रद्द, यात्रियों को हुई परेशानी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए