बीडीओ पर छापेमारी के बाद जनप्रतिनिधि नाराज, योजनाओं में अवैध वसूली की जांच की मांग

विज्ञापन

बीडीओ के आवास पर रेड

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

आय से अधिक संपत्ति के आरोप में बहादुरपुर बीडीओ आनंद कुमार विभूति के कई ठिकानों पर आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने छापेमारी की. इस कार्रवाई से स्थानीय जनप्रतिनिधि नाराज हैं और योजनाओं में अवैध वसूली की उच्चस्तरीय जांच की मांग कर रहे हैं.

विज्ञापन

दरभंगा: बहादुरपुर बीडीओ आनंद कुमार विभूति पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप को लेकर बुधवार को प्रखंड क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा. सुबह से ही चौक-चौराहों और विभिन्न इलाकों में लोग इसी मामले की चर्चा करते नजर आये. प्रखंड मुख्यालय परिसर में सन्नाटा पसरा रहा, हालांकि प्रखंड और अंचल समेत विभिन्न कार्यालयों में कर्मी अपने कार्यों में जुटे रहे.

विज्ञापन

स्थानीय लोगों के बीच बीडीओ के निलंबन और विभागीय कार्रवाई को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं. इधर, प्रखंड क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों में भी बीडीओ के प्रति नाराजगी बतायी जा रही है. जनप्रतिनिधियों ने आवास योजना, नली-गली, शौचालय सहित अन्य विकास योजनाओं में लाभुकों से कथित रूप से पैसे की मांग किये जाने का आरोप लगाया है.

मुखिया संघ ने पहले ही जतायी थी नाराजगी

पांच सितंबर को प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष श्यामनंदन यादव की अध्यक्षता में दर्जनों मुखिया ने बीडीओ आनंद कुमार विभूति को आवेदन देकर अपनी नाराजगी जतायी थी. आवेदन में आरोप लगाया गया था कि पंचायतों में बिना जानकारी के पीएम आवास योजना और शौचालय योजना में बिचौलियों के माध्यम से आम लोगों से कथित अवैध वसूली की जा रही थी.

उप प्रमुख मनोज कुमार सिंह ने बताया कि बीडीओ के प्रभार लेने के बाद से प्रखंड मुख्यालय सहित विभिन्न पंचायतों में बिचौलियों का दबदबा बढ़ने लगा था. उन्होंने कहा कि इसको लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों में काफी आक्रोश है. जनप्रतिनिधियों ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.

कई ठिकानों पर ईओयू ने की थी छापेमारी

उल्लेखनीय है कि मंगलवार की सुबह आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू), पटना की टीम ने बीडीओ आनंद कुमार विभूति से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की थी. इनमें बहादुरपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष, बहादुरपुर स्थित सरकारी आवास, सैदनगर के जनकपुरी मोहल्ले स्थित आवास, मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित सरस्वती नगर का निजी आवास, पूर्वी चंपारण के चिरैया थाना क्षेत्र के लालबेगिया स्थित पैतृक आवास और पटना के दानापुर स्थित साई विहार अपार्टमेंट का फ्लैट शामिल बताया गया है.

छापेमारी के दौरान आभूषणों से संबंधित कई कागजात और विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड बरामद किये जाने की बात सामने आयी है. हालांकि, बरामदगी और जांच से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.

इधर, मामले में बीडीओ आनंद कुमार विभूति से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका.

यह भी पढ़ें

बैंककर्मियों की हड़ताल का ऐलान, 11 सितंबर को एक दिन और 28-30 सितंबर को तीन दिन बंद रहेंगे बैंक

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन