Kamtaul News: श्रीसीताराम विवाहोत्सव में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, रामजानकी कुटीर हुआ राममय
विवाहोत्सव देखने उमड़े श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
कमताैल् स्थित रामजानकी कुटीर परिसर में श्रीसीताराम विवाहोत्सव का भव्य आयोजन हुआ. नौ दिवसीय श्री 108 सीताराम नाम धुन नवाह महायज्ञ के उपलक्ष्य में संपन्न इस उत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भक्तिमय वातावरण का अनुभव किया.
Kamtaul News: कमतौल स्थित रामजानकी कुटीर परिसर रविवार को भक्ति और उल्लास का केंद्र बना रहा. यहां आयोजित नौ दिवसीय श्री 108 सीताराम नाम धुन नवाह महायज्ञ के अंतर्गत श्रीसीताराम विवाहोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ. विवाहोत्सव में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया. सुबह से ही पूरा परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा, जबकि श्रद्धालुओं ने बारात और विवाह मंडप पर पुष्पवर्षा कर उत्सव की शोभा बढ़ाई.
वैदिक विधि-विधान से संपन्न हुईं विवाह की रस्में
विवाहोत्सव की सभी रस्में परम पूज्य महंत बाबा मोहनदासजी महाराज, बिहार कुंज आश्रम, जनकपुर धाम के सानिध्य में संपन्न हुईं. उन्होंने वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार पाणिग्रहण, कन्यादान और सिंदूरदान की रस्में संपन्न कराईं. इस दौरान श्रद्धालु "सियाराम मय सब जग जानी" के जयकारों से पूरे परिसर को भक्तिमय बनाते रहे.
पारंपरिक भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु
विवाहोत्सव के दौरान महिलाओं ने "घोड़वा छमकावैत आवइ श्याम रंग दुलहवा", "आजु मंगल के दिनमा शुभे हो शुभे", "जेहने किशोरी मोरी तेहने किशोर हे" और "जनक जी के द्वारे बाजे बधाई" जैसे पारंपरिक वैवाहिक गीत प्रस्तुत किए. ढोल-मंजीरे की थाप और भक्ति संगीत से पूरा वातावरण राममय हो गया और श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे.
महंत ने दिया सीताराम नाम जप का संदेश
महंत बाबा मोहनदासजी महाराज ने कहा कि नवाह महायज्ञ से क्षेत्र में सुख-शांति और आध्यात्मिक वातावरण का विस्तार होगा. उन्होंने कहा कि कलियुग में भगवान सीताराम के नाम का जप ही सबसे बड़ा सहारा है और ऐसे धार्मिक आयोजन समाज व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनते हैं.
आयोजन समिति के सदस्यों ने दानदाताओं, कलाकारों और श्रद्धालुओं के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह आयोजन ऐतिहासिक और सफल रहा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए