बिजली की आंख-मिचौनी से उपभोक्ता परेशान, जनजीवन प्रभावित

Updated:
विज्ञापन

विधुत उप केंद्र बिरौल | Prabhat Khabar Network

दरभंगा के बिरौल में बिजली की अनियमित आपूर्ति से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं. भीषण गर्मी में पढ़ाई, पेयजल और छोटे कारोबार पर बुरा असर पड़ रहा है. मिथिला स्टूडेंट यूनियन ने विभाग को आंदोलन की चेतावनी दी है.

विज्ञापन

दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है. कई दिनों से बिजली की आंख-मिचौनी के कारण आम जनजीवन प्रभावित है. भीषण गर्मी और उमस के बीच घंटों बिजली नहीं रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, किसानों की सिंचाई, छोटे कारोबार और घरेलू कामकाज पर असर पड़ रहा है. लोगों का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई खास सुधार नहीं हो रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

पढ़ाई से लेकर पेयजल आपूर्ति तक प्रभावित

ग्रामीण इलाकों में कई-कई घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है. बिजली नहीं रहने के कारण मोटर नहीं चल पा रहे हैं, जिससे लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है. वहीं मरीजों और बुजुर्गों को भी गर्मी के बीच काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं.

MSU ने विभाग को दी आंदोलन की चेतावनी

मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) के प्रदेश सचिव नवीन सहनी ने बिजली विभाग से बिरौल में नियमित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने कहा कि बार-बार हो रही बिजली कटौती के कारणों को सार्वजनिक किया जाए. यदि किसी तकनीकी खराबी के कारण यह समस्या हो रही है तो उसे जल्द दूर कर स्थायी समाधान निकाला जाए.

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आम जनता के हित में लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा. इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और संबंधित प्रशासन की होगी.

बिजली विभाग ने बताई कटौती की वजह

बिजली विभाग के एसडीओ प्रभाष चंद्र ने बताया कि तेज हवा और बारिश के दौरान कई जगह बिजली के तारों पर पेड़ या उसकी डालियां गिर जाती हैं. इससे बिजली आपूर्ति बाधित होती है. उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम तत्काल मरम्मत कार्य कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुट जाती है और समस्या का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जाता है.

लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति का इंतजार

बिरौल के लोगों को उम्मीद है कि बिजली विभाग जल्द ही स्थायी समाधान निकालकर नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करेगा. फिलहाल अनियमित बिजली आपूर्ति से आम लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन