दरभंगा में छह दिनों तक चलेगा जन्माष्टमी उत्सव, भजन संध्या समेत होंगे कई कार्यक्रम
जन्माष्टमी के लिए सज-धज कर तैयार पंडाल | Prabhat Khabar Network
दरभंगा में जन्माष्टमी को लेकर पूजा समितियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. शहर के कई मोहल्लों में आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं. शुक्रवार आधी रात श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर विशेष पूजा-अर्चना होगी.
दरभंगा में जन्माष्टमी: नटवर नागर भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्योत्सव को लेकर शहर से गांव तक भक्ति और उत्साह का माहौल है. सार्वजनिक पूजा स्थलों पर तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है. कलाकारों और पूजा समितियों के सदस्य गुरुवार देर रात तक प्रतिमा स्थापना और पंडालों की सजावट में जुटे रहे. शुक्रवार को निर्धारित मुहूर्त में विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए पट खोल दिए जाएंगे.
आपके शहर में
आकर्षक पंडालों से सजे पूजा स्थल
जन्माष्टमी को लेकर एक दिन पहले से ही श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा है. पूजा की भव्यता के लिए विभिन्न स्थानों पर आकर्षक पंडाल तैयार किए गए हैं. फूलों, रंग-बिरंगी बिजली की रोशनी और अन्य सजावटी सामग्रियों से पूजा स्थलों को सजाया गया है.
कई जगहों पर भगवान श्रीकृष्ण की अलग-अलग भाव-भंगिमाओं वाली आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं. वहीं भक्ति गीतों और श्रीकृष्ण भजनों से आसपास का माहौल भक्तिमय बना हुआ है.
शहर के इन इलाकों में विशेष उत्साह

शहर के कादिराबाद, राजकुमारगंज, कटहलवाड़ी, लक्ष्मीसागर, दोनार, अललपट्टी, बेता, बेलवागंज और सैदनगर समेत लगभग सभी मोहल्लों में श्रीकृष्ण प्राकट्योत्सव को लेकर खास उत्साह है.
पूजा समितियों की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी जरूरी तैयारियां की जा रही हैं. पूजा स्थलों पर लोगों की भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है.
छह दिनों तक होगी पूजा, भजन संध्या भी
बालूघाट समेत कई स्थानों पर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना छह दिनों तक की जाएगी. इस दौरान धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे. कई पूजा स्थलों पर संस्कृत भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जहां कलाकार भगवान श्रीकृष्ण की महिमा से जुड़े भजन प्रस्तुत करेंगे.
आधी रात श्रीकृष्ण के प्राकट्य पर होगी पूजा
श्रद्धालु शुक्रवार को दिनभर व्रत रखेंगे. भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य काल में आधी रात को विधि-विधान से विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी. इसके बाद श्रद्धालु व्रत का पारण करेंगे.
घरों में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारी की गयी है. लोग पूजा सामग्री की खरीदारी में जुटे रहे. आधी रात श्रीकृष्ण के जन्म के साथ ही मंदिरों और पूजा पंडालों में घंटा-घड़ियाल, शंखनाद और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठेगा.
राधा-कृष्ण मंदिरों में विशेष अनुष्ठान
जन्माष्टमी के अवसर पर राधा-कृष्ण मंदिरों में विशेष अनुष्ठान की तैयारी है. घरों में भी लोग पूजा-अर्चना की व्यवस्था कर रहे हैं. बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने घरों में भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप की दैनिक पूजा करते हैं, ऐसे में जन्माष्टमी पर विशेष पूजन की तैयारी की गयी है.
यह भी पढे़ं:
घर-घर होगी 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की स्वास्थ्य जांच, महाअभियान शुरू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए