प्रेम विवाह के ढाई महीने बाद विवाहिता की हत्या का आरोप, बोरी में बंद शव जमीन से बरामद

प्रतीकात्मक तस्वीर
मधुबनी के घोघरडीहा में प्रेम विवाह के ढाई महीने बाद एक विवाहिता का शव नदी किनारे जमीन से बरामद हुआ है. परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
Darbhanga News: मधुबनी जिले के घोघरडीहा थाना क्षेत्र में भुतही बलान नदी किनारे बोरी में बंद कर जमीन में दफनाई गई एक विवाहिता का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच लाया गया, जहां मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया.
मृतका की पहचान घोघरडीहा थाना क्षेत्र के परसा नवटोली निवासी रश्मि कुमारी के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रश्मि ने करीब ढाई महीने पहले 23 अप्रैल को प्रेम विवाह किया था.
प्रेम विवाह के बाद दिल्ली में रहे, फिर लौटे गांव
परिजनों ने बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था. घर छोड़ने के बाद दोनों ने दिल्ली के एक मंदिर में विवाह किया और कुछ समय वहीं रहने के बाद गांव लौट आए. परिवार ने इस विवाह का विरोध नहीं किया था.
गुरुवार को एक रिश्तेदार ने फोन कर रश्मि की मौत की सूचना दी. इसके बाद परिजन घोघरडीहा थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी.
पूछताछ के बाद जमीन खोदकर मिला शव
पुलिस जब ससुराल पहुंची तो पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर भुतही बलान नदी किनारे जमीन की खुदाई कर बोरी में बंद शव बरामद किया गया.
मृतका के परिजनों का आरोप है कि रश्मि की पहले पिटाई की गई, फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बोरी में बंद कर नदी किनारे दफना दिया गया.
डीएमसीएच में हुआ पोस्टमार्टम, जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को मधुबनी सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया.
परिजनों ने बताया कि रश्मि चार बहनों में सबसे छोटी थी. उसका एक छोटा भाई है. उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं. वह मैट्रिक की छात्रा थी.
घोघरडीहा थाना पुलिस ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है. घटना में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










