जेसीबी से खोदे गड्ढे में डूबने से युवक की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

Author Kumar raushan|Edited by Sarfaraz Ahmad
Updated:
विज्ञापन

पोस्टमार्टम परिसर में मौजूद मृतक के परिजन स्वजन से प्राप्त मृतक का फाइल फोटो

दरभंगा जिले के लक्ष्मीपुर गांव में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई. खेत जाते समय यह हादसा हुआ, जिसने परिवार को सदमे में डाल दिया है.

विज्ञापन

Darbhanga News: जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव में बारिश के पानी से भरे जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में डूबने से 34 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया. मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है.

आपके शहर में

विज्ञापन

खेत जाने के दौरान हुआ हादसा

मृतक की पहचान लक्ष्मीपुर पंचायत के वार्ड संख्या-7 निवासी गणेशी दास के 34 वर्षीय पुत्र रामसुधीन तांती के रूप में हुई है.

मृतक के बड़े भाई शंकर कुमार दास ने बताया कि रामसुधीन खेत की ओर जा रहे थे. पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण गांव और आसपास के इलाकों में जलजमाव था. रास्ते में जेसीबी से खोदे गए गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा था, जिसका उन्हें अंदाजा नहीं लग सका और वे उसमें गिर गए. तैरना नहीं आने के कारण उनकी डूबने से मौके पर ही मौत हो गई.

तलाश के बाद मिला शव

परिजनों के अनुसार, काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई. आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों की मदद से खोजबीन की गई. काफी मशक्कत के बाद रामसुधीन का शव पानी से भरे गड्ढे से बरामद किया गया.

सूचना मिलने पर बहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

ग्रामीणों ने उठाए सुरक्षा पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में जेसीबी से खोदे गए कई गहरे गड्ढे बारिश के मौसम में हादसों का कारण बन रहे हैं. इन गड्ढों के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे लोगों की जान जोखिम में बनी रहती है.

परिजनों ने प्रशासन से मृतक के आश्रितों को उचित मुआवजा देने तथा पत्नी और तीनों बच्चों के पालन-पोषण एवं शिक्षा की व्यवस्था करने की मांग की है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन