पुरानी पेंशन की मांग पर दरभंगा में कर्मचारियों का काला दिवस, निकाली गई रैली

Updated:
विज्ञापन

प्रदर्शन करते अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ जिला इकाई | Prabhat Khabar Network

दरभंगा में कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया. पोलो मैदान से निकली रैली समाहरणालय पहुंची, जहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग-पत्र सौंपा गया.

विज्ञापन

दरभंगा कर्मचारी रैली: राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर मंगलवार को जिला महासंघ की ओर से कर्मचारियों ने काला दिवस मनाया. पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों ने पोलो मैदान स्थित धरना स्थल से रैली निकाली. रैली में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए. प्रदर्शनकारी विभिन्न कार्यालयों से होते हुए समाहरणालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री के नाम संबोधित मांग-पत्र दंडाधिकारी को सौंपा गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

इन कार्यालयों से होकर गुजरी रैली

कर्मचारियों की रैली पोलो मैदान से निकलकर आयुक्त कार्यालय, आईजी कार्यालय, व्यवहार न्यायालय, निबंधन कार्यालय और टावर चौक होते हुए समाहरणालय पहुंची. समाहरणालय के मुख्य द्वार पर कर्मचारियों ने बैठक भी की. इसकी अध्यक्षता अरुण कुमार झा ने की.

महासंघ के जिला मंत्री फूल कुमार झा ने कहा कि राज्य कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर अंशदायी नई पेंशन योजना लागू किए जाने के विरोध में हर वर्ष 1 सितंबर को काला दिवस मनाया जाता है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भी 1 जनवरी 2004 से नई पेंशन योजना लागू की थी. इसके बाद से कर्मचारी संगठन लगातार पुरानी पेंशन की बहाली की मांग करते रहे हैं.

UPS को लेकर भी कर्मचारियों में नाराजगी

फूल कुमार झा ने कहा कि कर्मचारी संगठनों के आंदोलन के दबाव में केंद्र सरकार ने एनपीएस की जगह यूनिफाइड पेंशन स्कीम (UPS) लागू की, लेकिन कर्मचारी संगठन इसे अपने हित में नहीं मानते हैं. उन्होंने वर्ष 2013 में पारित पीएफआरडीए विधेयक को वापस लेने की मांग भी उठायी.

महासंघ नेताओं ने कहा कि कई राज्यों में कर्मचारियों के आंदोलन के बाद पुरानी पेंशन योजना लागू की गई है. उन्होंने केंद्र सरकार से पीएफआरडीए के तहत कर्मचारियों के वेतन से काटी गई राशि और राज्य सरकारों द्वारा जमा की गई 14 प्रतिशत राशि वापस करने की मांग की.

संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग

प्रदर्शन के दौरान ठेका और संविदा कर्मियों को नियमित करने की मांग भी प्रमुखता से उठायी गयी. कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से विभिन्न विभागों में काम कर रहे संविदा और ठेका कर्मियों को नियमित करने की दिशा में सरकार को ठोस पहल करनी चाहिए.

12 दिसंबर को दिल्ली में महारैली

महासंघ के नेताओं ने बताया कि पुरानी पेंशन समेत विभिन्न मांगों को लेकर अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ की ओर से 12 दिसंबर 2026 को दिल्ली के रामलीला मैदान में महारैली आयोजित की जाएगी. इसमें बिहार से हजारों कर्मचारियों के शामिल होने की बात कही गयी.

कर्मचारियों ने लिया आंदोलन तेज करने का संकल्प

सभा को मो. ईशा खां, शिवेंद्र कुमार, विपिन कुमार झा, राम वचन यादव, रितेश कुमार, रंभा कुमारी, सिकंदर कुमार, सुधाकर सिंह, प्रियंका कुमारी, सूर्यदेव राय, क्षत्री यादव, फकीरा पासवान, राजदेव यादव, जयमाला कुमारी और नीशा कुमारी समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया. कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन की बहाली समेत अन्य मांगों को लेकर आंदोलन और तेज करने का संकल्प लिया.

यह भी पढे़ं:

मखाना किसानों के लिए जरूरी खबर, 5 सितंबर को मिलेगी वैज्ञानिक खेती की ट्रेनिंग

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन