Darbhanga: नशे में युवक ने पुलिस टीम पर किया हमला, SI समेत चार जवान घायल

Updated:
विज्ञापन

प्रतीकात्मक तस्वीर

दरभंगा के सिंहवाड़ा में नशे में धुत युवक ने गुदरी बाजार में हंगामा किया. पुलिस को समझाने पहुंची टीम पर लोहे के कड़े से हमला कर दिया. इस दौरान SI दिनेश शर्मा सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए.

विज्ञापन

Darbhanga News: सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत भरवाड़ा गुदरी बाजार में गुरुवार की रात नशे में एक युवक ने जमकर हंगामा किया. सूचना मिलने पर उसे शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर ही उसने हमला कर दिया. हमले में सिंहवाड़ा थाना के एसआइ दिनेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गये, जबकि तीन अन्य पुलिसकर्मी भी चोटिल हुए. पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद आरोपित के हाथ-पैर बांधकर उसे पुलिस वाहन में बैठाया.

आपके शहर में

विज्ञापन

समझाने पहुंची पुलिस पर लोहे के कड़े से हमला

प्राथमिकी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि भरवाड़ा वार्ड एक स्थित गुदरी बाजार में एक युवक नशे की हालत में मारपीट कर रहा है. सूचक शिवप्रकाश कुमार साहु की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वहां एक युवक गाली-गलौज कर रहा था. उसके चेहरे पर पहले से चोट लगी थी और खून निकल रहा था.

पुलिसकर्मियों ने उसे शांत कराने और समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह और उग्र हो गया. आरोप है कि उसने हाथ में पहने लोहे के कड़े से एसआइ दिनेश शर्मा पर हमला कर दिया. इस दौरान वह पुलिसकर्मियों को धमकी भी देने लगा.

हमले में कड़ा लगने से एसआइ दिनेश शर्मा की आंख के पास गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर गिर पड़े. बीच-बचाव करने पहुंचे सिपाही अनीष कुमार और महिला सिपाही मनीता कुमारी पर भी आरोपित ने हमला कर दिया.

हाथ-पैर बांधकर पुलिस वाहन में बैठाया

घटना की सूचना पर चौकीदार सीताराम यादव, गश्ती पदाधिकारी और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. आरोपित की पहचान भरवाड़ा निवासी शत्रुघ्न साह उर्फ सत्तो साह के पुत्र मिट्ठू कुमार साह के रूप में हुई.

पुलिस के अनुसार, आरोपित के मुंह से शराब की तेज गंध आ रही थी. उसे पुलिस वाहन में बैठाने के दौरान वह बार-बार झटककर बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था. उसने हाथ-पैर से वाहन के शीशे पर भी प्रहार किया. काफी मशक्कत के बाद पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ-पैर बांधकर वाहन में बैठाया. इस दौरान गृहरक्षक सिपाही रौशन कुमार राय भी घायल हो गये.

SI की आंख के पास लगे चार टांके

सभी घायल पुलिसकर्मियों को सिंहवाड़ा सीएचसी ले जाया गया. चिकित्सकों ने एसआइ दिनेश शर्मा के जख्म पर चार टांके लगाए. आरोपित का रक्त सैंपल अल्कोहल जांच के लिए सुरक्षित किया गया है.

थाने में ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान उसके श्वास में अल्कोहल की मात्रा पायी गयी.

थानाध्यक्ष वसंत कुमार ने बताया कि सरकारी कार्य में बाधा, गाली-गलौज और मारपीट समेत उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. शुक्रवार को आरोपित युवक को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

यह भी पढ़ें

नेपाल में बाढ़ से हुई मौतों पर DPS कादिराबाद में शोक सभा, छात्रों ने दी श्रद्धांजलि

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन