आज बैंक हड़ताल का दरभंगा में असर, शाखाओं में कामकाज प्रभावित, 28 से 30 सितंबर तक फिर हड़ताल
दरभंगा टावर पर प्रदर्शन करते बैंक कर्मचारी | Prabhat Khabar Network
देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर दरभंगा में भी देखने को मिला, जिससे बैंकिंग सेवाओं पर प्रभाव पड़ा. ग्रामीण और राष्ट्रीय बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया. आगे 28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी.
दरभंगा: देशव्यापी बैंक हड़ताल का असर शुक्रवार को दरभंगा में भी बैंकिंग सेवाओं पर पड़ा. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन एवं यूनाइटेड फोरम ऑफ ग्रामीण बैंक यूनियन की संयुक्त अपील पर आयोजित हड़ताल में कर्मचारियों के शामिल रहने से बैंक शाखाओं में होने वाले कई काम प्रभावित रहे. हालांकि एटीएम, यूपीआइ, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल एवं सेल्फ सर्विस सुविधाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहीं.
ग्रामीण बैंक प्रधान कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन
यूनाइटेड फोरम ऑफ ग्रामीण बैंक यूनियन के बैनर तले सैदनगर स्थित बिहार ग्रामीण बैंक के प्रधान कार्यालय पर रमाशंकर कर्ण के नेतृत्व में कर्मियों ने धरना-प्रदर्शन किया. आंदोलनकारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने और ग्रामीण बैंकों को समान रूप से पीएलआइ का लाभ देने की मांग उठायी.
प्रदर्शन में जाहिद हुसैन सिद्दीकी, साकेत रमण, मेधा झा, विकास रंजन, अखिलेश कुमार सहित अन्य कर्मी शामिल रहे.
पैदल मार्च निकालकर टावर पर किया प्रदर्शन
वहीं, यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन की जिला इकाई ने मांगों के समर्थन में संबंधित बैंक से पैदल मार्च निकाला और दरभंगा टावर पर प्रदर्शन किया. वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2024 में पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के लिए लिखित समझौता किया था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया.
वक्ताओं ने कहा कि पीएलआइ में किए गए भेदभाव के खिलाफ भी आंदोलन जारी रहेगा. बताया गया कि आंदोलन के अगले चरण में 28, 29 एवं 30 सितंबर को तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल की जाएगी.
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने रखी बात
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन जिला इकाई की ओर से आयोजित प्रदर्शन में बैंक कर्मी अजीत कुमार सिंह, कोमल कुमारी, आनंद मोहन ठाकुर, प्रदीप कुमार मिश्र, आइटीयूसी प्रतिनिधि राजीव कुमार चौधरी, रामाधार सिंह, किसान सभा के जिला मंत्री अहमद अली तमन्ना, सुनील कुमार झा, कैसर आलम, खेत मजदूर यूनियन के जिला मंत्री चंदेश्वर प्रसाद सिंह, आनंद मोहन दास, सरोज कुमार सिंह आदि ने संयुक्त रूप से हड़ताल के बिंदुओं पर प्रकाश डाला.
यह भी पढ़ें
बिरौल में 12 सितंबर को लगेगी राष्ट्रीय लोक अदालत, मामलों के निपटारे की तैयारी
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए