दरभंगा के सिंहवाड़ा में नल-जल योजना में फर्जीवाड़े का आरोप, बीडीओ से की गई शिकायत
दरभंगा के सिंहवाड़ा में मुख्यमंत्री नल-जल योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है. सिमरी गांव में फर्जी हस्ताक्षर कर ₹48,000 गबन करने का आरोप है. मामले की जांच के लिए बीडीओ को आवेदन सौंपा गया है.
Darbhanga News: दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा प्रखंड अंतर्गत सिमरी गांव में मुख्यमंत्री नल-जल योजना में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता और फर्जी हस्ताक्षर से राशि गबन का मामला सामने आया है. सिमरी निवासी मिथिलेश महतो ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) विक्रम भास्कर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की गुहार लगाई है.
आपके शहर में
Nal Jal Yojana Fraud: फर्जी हस्ताक्षर कर 48 हजार रुपये गबन का आरोप
बीडीओ को दिए गए आवेदन में पीड़ित ने बताया कि वार्ड संख्या चार में आम सभा के जरिए रामविनय राउत को वार्ड सचिव चुना गया था. इसके बाद वार्ड सदस्य रूपा देवी और सचिव रामविनय राउत के संयुक्त बैंक खाते खोले गए थे. सरकार द्वारा योजना के रख-रखाव हेतु प्रतिवर्ष 12 हजार रुपये भेजे जाते हैं. वर्ष 2022 में संयुक्त हस्ताक्षर से 12 हजार रुपये निकालकर काम कराया गया था, लेकिन इसके बाद पिछले चार वर्षों में फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 48 हजार रुपये की अवैध निकासी कर गबन कर लिया गया.
वर्ष 2023 से बंद पड़ा है नल-जल का काम
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि 2023 से ही गांव में नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ी है. इस मामले में वार्ड सदस्य रूपा देवी और उनके पति टूनटून महतो की संलिप्तता का आरोप लगाया गया है. वहीं, वार्ड सचिव रामविनय राउत का कहना है कि उन्होंने 2022 के बाद किसी भी राशि की निकासी पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.
बीडीओ ने दिया जांच और कार्रवाई का आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ विक्रम भास्कर ने कहा कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामले की जांच कराई जाएगी. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए