सम्राट चौधरी बोले- मिथिला का लाल हूं, संस्कृति पर गर्व, मार्च 2027 से पहले दरभंगा एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का लक्ष्य

Updated:
विज्ञापन

CM सम्राट चौधरी

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दरभंगा एम्स निर्माण और एयरपोर्ट के विस्तार की जानकारी दी. मार्च 2027 से पहले नए टर्मिनल के उद्घाटन का लक्ष्य है. जानें पूरी बात.

विज्ञापन

दरभंगा: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि वे खुद को मैथिल और मिथिला का लाल मानते हैं. उन्हें मिथिला की संस्कृति, भाषा और परंपरा पर गर्व है. बिहार में पांच-पांच भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन मैथिली हजारों वर्ष पुरानी भाषा है. मां सीता भी इसी भाषा को बोलती थीं. यह हमारी प्राचीन संस्कृति और पहचान की याद दिलाती है.

विज्ञापन

मुख्यमंत्री रविवार को नागेंद्र झा स्टेडियम परिसर में विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय मिथिला विभूति पर्व समारोह के उद्घाटन के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे.

विकसित भारत के साथ मिथिला के विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना विकसित भारत के साथ मिथिला का विकास करना भी है. बिहार के पिछड़ेपन का एक बड़ा कारण हर साल आने वाली बाढ़ है. इससे राज्य को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है. प्रधानमंत्री को इसकी चिंता है. बिहार को बाढ़ से स्थायी राहत दिलाने के लिए केंद्र सरकार ने 11 हजार करोड़ रुपये की राशि दी है.

उन्होंने कहा कि कोसी और मेची नदी को जोड़ने की दिशा में भी केंद्र सरकार ने राशि उपलब्ध करायी है. इससे बाढ़ की समस्या कम करने के साथ किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है.

दरभंगा एम्स निर्माण की प्रक्रिया तेज

मुख्यमंत्री ने कहा कि दरभंगा में एम्स निर्माण के लिए जमीन की व्यवस्था कर ली गयी है. जमीन पर मिट्टी भराई का काम शुरू हो गया है और टेंडर की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गयी है. इससे उत्तर बिहार में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलेगा.

मार्च 2027 से पहले नये टर्मिनल के उद्घाटन का प्रयास

मुख्यमंत्री ने कहा कि मिथिला के एयरपोर्ट को देखकर उन्हें सबसे अधिक खुशी होती है. दरभंगा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए जमीन अधिग्रहण का काम शुरू किया गया था. अब इसे और बेहतर स्वरूप देने की दिशा में काम चल रहा है. उन्होंने कहा कि मार्च 2027 से पहले दरभंगा एयरपोर्ट के नये टर्मिनल का उद्घाटन कराने का प्रयास किया जायेगा. इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से दरभंगा आकर उद्घाटन करने का आग्रह करेंगे.

उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का विकास लोगों की कल्पना से भी बेहतर होगा और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जायेगा. पटना और गया एयरपोर्ट का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट का रनवे पटना से करीब डेढ़ गुना अधिक लंबा होगा. यहां चार किलोमीटर लंबे रनवे के निर्माण की प्रक्रिया शुरू है. इसके पूरा होने के बाद दरभंगा एयरपोर्ट को दुनिया के विभिन्न देशों से सीधे जोड़ने की दिशा में काम किया जा सकेगा.

कई मंत्री, सांसद और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

समारोह में जिला प्रभारी मंत्री सह पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेंद्र कुमार, मंत्री मदन सहनी, मंत्री रामचंद्र प्रसाद, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह नगर विधायक संजय सरावगी, सांसद गोपालजी ठाकुर, मधुबनी के सांसद अशोक यादव, राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता, विधायक मुरारी मोहन झा, डॉ. विनय कुमार चौधरी, सुजीत कुमार, ईश्वर मंडल, एमएलसी हरि सहनी, पूर्व एमएलसी सर्वेश कुमार, दिलीप चौधरी और विद्यापति सेवा संस्थान के महासचिव डॉ. बैद्यनाथ चौधरी बैजू सहित कई जनप्रतिनिधि और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन