Darbhanga: सड़क पर घुटने भर पानी में बच्चों के साथ तैरे पूर्व मुखिया, जलजमाव पर अनोखा प्रदर्शन
अनोखा विरोध प्रदर्शन करते पूर्व मुखिया
बिरौल प्रखंड में जलजमाव की समस्या ने विकराल रूप ले लिया है, जिससे ग्रामीण परेशान हैं. इसी समस्या के विरोध में पूर्व मुखिया पप्पू चौधरी ने स्थानीय बच्चों के साथ घुटनों तक भरे पानी में तैरकर अपना अनोखा प्रदर्शन किया.
Biraul Waterlogging: बिरौल प्रखंड क्षेत्र के सिसौनी-शंकर लोहार मुख्य पथ के इटवा शिवनारायण पंचायत में जलजमाव की समस्या को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है. सड़क पर बारिश का पानी जमा रहने और शिकायत के बावजूद समाधान नहीं होने से नाराज पूर्व मुखिया हरशिव चौधरी उर्फ पप्पू चौधरी ने रविवार को अनोखे अंदाज में विरोध जताया. वह स्थानीय बच्चों के साथ सड़क पर जमा घुटने भर पानी में तैरकर प्रदर्शन करते नजर आये.
आपके शहर में
सड़क पर थोड़ी बारिश में ही जमा हो जाता है पानी
पंचायत की मुख्य सड़क पर थोड़ी बारिश होते ही जलजमाव की स्थिति बन जाती है. इससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी होती है. लंबे समय तक गंदा पानी जमा रहने से दुर्गंध के साथ बीमारियों का खतरा भी बना रहता है.
ग्रामीणों के अनुसार, जलजमाव के कारण कई बार बाइक सवार सड़क पर गिरकर घायल भी हो चुके हैं. यह सड़क पंचायत को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ती है और रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं.
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जतायी नाराजगी
पूर्व मुखिया पप्पू चौधरी ने पानी में तैरते हुए स्थानीय प्रशासन, विधायक और सांसद के प्रति नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि जलजमाव की समस्या को लेकर प्रखंड प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत की गयी, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ.
उन्होंने कहा कि मजबूर होकर अनोखे तरीके से विरोध करना पड़ा है. यदि जल्द सड़क से पानी की निकासी और सड़क की मरम्मत का काम शुरू नहीं हुआ, तो ग्रामीणों के साथ बड़ा आंदोलन किया जायेगा.
ग्रामीणों ने भी की शीघ्र समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क से तत्काल जलनिकासी कराने और समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि हर बारिश में सड़क पर पानी जमा होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है. ऐसे में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था के साथ सड़क की मरम्मत जरूरी है.
यह भी पढ़ें
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए