अलीनगर डिग्री कॉलेज में शिक्षक नहीं, नामांकन के बाद भी शुरू नहीं हुई पढ़ाई

प्रतीकात्मक AI तस्वीर
राजकीय डिग्री कॉलेज, अलीनगर में प्रथम मेरिट सूची के तहत 82 में से 68 छात्रों ने नामांकन कराया है. हालांकि, प्राध्यापकों की कमी के कारण छह जुलाई तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं, जिससे छात्रों को निराश होना पड़ा.
Darbhanga News: राजकीय डिग्री कॉलेज, अलीनगर में प्रथम मेरिट सूची के तहत कॉलेज आवंटित 82 छात्र-छात्राओं में से 68 विद्यार्थियों ने छह जुलाई तक नामांकन कराया है. हालांकि प्राध्यापकों की कमी के कारण अब तक कक्षाओं का संचालन शुरू नहीं हो सका है, जिससे पहले दिन पढ़ाई के लिए पहुंचे छात्रों को निराश होकर लौटना पड़ा.
68 विद्यार्थियों ने कराया नामांकन
कॉलेज प्रशासन के अनुसार प्रथम मेरिट सूची में चयनित 82 विद्यार्थियों में से 11 छात्र और 57 छात्राओं सहित कुल 68 विद्यार्थियों ने निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन कराया है.
राज्य सरकार की घोषणा के अनुसार एक जुलाई से नए डिग्री कॉलेजों में कक्षाएं शुरू होनी थीं. वहीं, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार सात जुलाई से वर्ग संचालन की बात कही गई थी, लेकिन शिक्षकों के अभाव में यह संभव नहीं हो सका.
पढ़ाई के लिए पहुंचे छात्र लौटे
मेजर इतिहास विषय की छात्राएं पकड़ी गांव की सीता कुमारी और पोहद्दी बेला (घनश्यामपुर) की संगीता कुमारी कक्षा करने कॉलेज पहुंचीं, लेकिन कक्षाएं शुरू नहीं होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा.
यह भी पढ़ें: डीएमसीएच में इलाज के दौरान महिला की मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
इतिहास और हिंदी में सबसे अधिक नामांकन
कॉलेज में मेजर इतिहास विषय में 31, हिंदी में 28 तथा राजनीति शास्त्र में नौ विद्यार्थियों ने नामांकन कराया है. वहीं, अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषय में एक भी आवेदन प्राप्त नहीं हुआ. अर्थशास्त्र में एक आवेदन आया था, लेकिन संबंधित छात्र ने भी नामांकन नहीं कराया.
केवल एक विषय के शिक्षक उपलब्ध
कॉलेज में फिलहाल अंग्रेजी विषय के डॉ. दस्तगीर आलम एकमात्र प्राध्यापक के रूप में कार्यरत हैं. अन्य विषयों के लिए अब तक किसी प्राध्यापक की प्रतिनियुक्ति नहीं हुई है. इसके कारण नियमित कक्षाओं का संचालन फिलहाल संभव नहीं हो पा रहा है.
कॉलेज में सिद्धार्थ शंकर सिंह को प्रभारी प्राचार्य तथा सुजय कुमार मिश्रा को प्रधान लिपिक के पद पर प्रतिनियुक्त किया गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










