संजय सिंह, अमित रानू से लेकर सोनू सिंह तक... गंभीर आरोपों में घिरे चिराग के 6 में से 3 विधायक

Updated:
विज्ञापन

LJP के 3 विधायक विवादों में

LJP MLA controversy बिहार की सियासत में लोजपा (रामविलास) के तीन विधायकों से जुड़े गंभीर आरोपों ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. मंत्री संजय सिंह पर दिल्ली के होटल में युवती से कथित अभद्र व्यवहार और मामले को दबाने के लिए कथित लेन-देन के आरोपों के बाद चिराग पासवान ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है. इसी बीच विधायक अमित कुमार रानू पर जमीन विवाद और विधायक सोनू सिंह पर नगर परिषद के ईओ की हत्या के मामले में मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोप भी चर्चा में हैं.

विज्ञापन

LJP MLA controversy महिला सुरक्षा के मामले में किसी तरह की छूट नहीं दी जाएगी. लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने बिहार सरकार के मंत्री और लोजपा (रामविलास) विधायक संजय सिंह पर लगे गंभीर आरोपों के बाद यह बात कही. उन्होंने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. अगर जांच में आरोप सही साबित होते हैं और संबंधित व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

दिल्ली के एक फाइव स्टार होटल में सरकार के एक कथित मंत्री पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर पत्रकारों के सवाल का जवाब देते हुए चिराग पासवान ने यह बात कही. बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने इस मामले में लोजपा (रामविलास) के विधायक और बिहार सरकार में मंत्री संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं. इसके बाद यह मामला राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है और बिहार में सियासी तापमान बढ़ गया है. हालांकि, संजय सिंह से जुड़े विवाद के बीच लोजपा (रामविलास) के दो अन्य विधायक भी अलग-अलग मामलों को लेकर चर्चा में आ गए हैं. लोजपा के छह में से तीन विधायकों पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं.


बिहार से जुड़ी अन्य ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें..

संजय सिंह पर तेज प्रताप यादव ने क्या कहा?

तेज प्रताप यादव ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट कर महुआ से विधायक और मंत्री संजय सिंह पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने दिल्ली के एक होटल में एक युवती के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और शोषण के प्रयास के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग किया. तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि होटल कर्मचारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति को संभाला गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब 25 लाख रुपये के कथित लेन-देन के जरिए मामले को रफा-दफा किए जाने की बात कही जा रही है. संजय सिंह ने मामला सामने आने के बाद दावा किया कि अगर किसी के पास इससे जुड़ा कोई साक्ष्य या वीडियो है, तो उसे सार्वजनिक करना चाहिए. इसके साथ ही उन्होंने तेज प्रताप यादव के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा भी दायर किया है.

विधायक अमित कुमार रानू पर जमीन विवाद से जुड़े आरोप

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी के विधायक अमित कुमार रानू पर भी इसी महीने गंभीर आरोप लगे. मुजफ्फरपुर पुलिस को उनके खिलाफ दबंगई और जमीन पर कब्जा दिलाने जैसे आरोपों की शिकायत मिली थी. इसके बाद पुलिस ने विधायक के घर पर छापेमारी की और जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की. मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के अनुसार, जमीन विवाद से जुड़े मामले को लेकर 20 अगस्त को विधायक के खिलाफ शिकायत मिली थी. शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके घर पर छापेमारी की.

पुलिस के मुताबिक, छापेमारी के दौरान विधायक के भाई सोनू सिंह और विधायक की कथित संलिप्तता से जुड़े कई दस्तावेज मिले. पुलिस ने चार घंटे से अधिक समय तक विधायक के घर की तलाशी ली. इस दौरान कई स्टांप पेपर, जमीन से जुड़े दस्तावेज और एक कंस्ट्रक्शन कंपनी से संबंधित कुछ कागजात जब्त किए गए. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

डेहरी विधायक सोनू सिंह पर भी लगे थे गंभीर आरोप

रोहतास जिले के डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के बाद उनकी पत्नी ने डेहरी से लोजपा (रामविलास) के विधायक सोनू सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे. विमल कुमार की पत्नी ने आरोप लगाया था कि विधायक उनके पति से 50 लाख रुपये की मांग कर रहे थे और पैसे को लेकर उन्हें बार-बार फोन कर परेशान किया जाता था. इस मामले में उन्होंने पुलिस के सामने अपना बयान भी दर्ज कराया था. विमल कुमार मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे. उनका परिवार पटना के दानापुर स्थित गोला रोड टी-प्वाइंट के पास रहता है. हालांकि, इस मामले में पुलिस ने विमल कुमार के ड्राइवर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.


तीन विधायकों पर लगे आरोपों से घिरी लोजपा

संजय सिंह पर लगे आरोपों के बाद लोजपा (रामविलास) के तीन अन्य विधायकों से जुड़े पुराने और नए मामले भी चर्चा में आ गए हैं. एक ओर संजय सिंह पर लगे आरोपों की जांच की मांग उठ रही है, वहीं दूसरी ओर अमित कुमार रानू और सोनू सिंह से जुड़े मामलों में भी पुलिस कार्रवाई और जांच का दौर जारी है. चिराग पासवान ने स्पष्ट किया है कि महिला सुरक्षा के मामले में किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. ऐसे में अब इन आरोपों की जांच और जांच के निष्कर्ष पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Also Read : ‘होटल कांड’ पर बिहार में सियासी भूचाल, तेज प्रताप के आरोपों पर बोले मंत्री- साबित हुआ तो छोड़ दूंगा राजनीति

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन