बिहार नगरपालिका चुनाव मैदान में उतरे करीब 22 हजार प्रत्याशी, 89 सिंबलों के साथ आज से होगा चुनाव प्रचार
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Sep 2022 9:41 AM
Nagar Nikay Chunav 2022: हर बूथ पर तीन इवीएम के माध्यम से तीन पदों के लिए चुनाव कराया जायेगा. नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 को लेकर प्रत्याशियों के लिए तीन प्रकार के सिंबल (प्रतीक चिह्न) जारी कर दिया गया है.
पटना. नगरपालिका चुनाव में मैदान में उतरे करीब 22 हजार प्रत्याशी रविवार से सिंबल के साथ प्रचार-प्रसार करेंगे. पहले चरण में 156 नगरपालिकाओं में चुनाव प्रचार रविवार से शुरू हो जायेगा. मुख्य पार्षद, उप मुख्य पार्षद और पार्षदों के लिए कुल 89 प्रकार के सिंबल आवंटित किये गये हैं. इसमें मुख्य पार्षद पद के प्रत्याशियों को 32 प्रकार के सिंबल, उप मुख्य पार्षद प्रत्याशियों के 21 प्रकार के सिंबल और पार्षद पद के प्रत्याशियों को 36 प्रकार से सिंबल आवंटित किया जायेगा. अब प्रत्याशी न सिर्फ अपने नाम बल्कि चुनाव चिन्ह का भी प्रचार करेंगे. चुनाव चिह्नों में मुर्गा, मछली, प्रेशर कुकर जैसे सिंबल जारी किये गये हैं. पहली बार तीन प्रकार पदों पर सीधे चुनाव हो रहा है. हर बूथ पर तीन इवीएम के माध्यम से तीन पदों के लिए चुनाव कराया जायेगा. नगरपालिका आम निर्वाचन, 2022 को लेकर प्रत्याशियों के लिए तीन प्रकार के सिंबल (प्रतीक चिह्न) जारी कर दिया गया है.
मुख्य पार्षद पद का चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के लिए 36 प्रकार के सिंबल आवंटित किया गया है. इसमें कप और प्लेट, मोटरसाइकिल, नल, ताला और चाबी, टमटम, प्रेशर कुकर, सिलाई की मशीन, कबूतर, चरखा, चारपाई, टाइपराइटर, मछली, वैन, मेज, टेबुल लैंप, रेल का इंजन, गैस सिलेंडर, हारमोनियम, बल्ब, जलता हुआ दीया, कोट, जोड़ा हिरण, मुर्गा, तुरही, कछुआ, लेटर बॉक्स, स्टूल, कुदाल, अलमीरा, जीप, शंख और सीढ़ी का चुनाव चिह्न मिलेगा.
डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशियों के लिए 21 सिंबल दिये गये हैं. डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशियों को गेहूं की बाली, पीपल का पत्ता, घड़ा, चश्मा, कुल्हाड़ी, टेबुल फैन, तितली, पानी का जहाज, आम, स्कूटर, रोड रोलर, बकरी, हाथ ठेला, बत्तख, तराजू, कार, छाता, डमरू, घोड़ा, तबला और डोली का सिंबल दिया जायेगा.
Also Read: Durga Puja 2022: कल से नवरात्र शुरू, गया में गोल्डन क्लब बना रहा महाराजा का महल, यहां बन रहा भव्य पंडाल
नगरपालिका चुनाव में वार्ड पार्षद के पद के लिए चुनाव लड़नेवाले प्रत्याशियों के लिए सर्वाधिक 36 सिंबल दिये गये हैं. प्रत्याशियों को कलम और दावात, ढोलक, टेंपू, वायुयान, मोमबत्तियां, काठ की गाड़ी, मोर, चिमनी, कैमरा, पुल, जोड़ा बैल, खजूर का पेड़, बाल्टी, जग, चापाकल, टोकरी, उगता हुआ सूरज, तोता, टेलीविजन, टार्च, डीजल पंप, टॉफी, गाजर, मोबाइल, ट्रैक्टर, कुआं, कुर्सी, स्टोव, ब्लैक बोर्ड, ऊंट, किताब, सीटी, हंसिया, केतली, गैस का चूल्हा और सेव का सिंबल आवंटित किया जायेगा.
आयोग ने नगरपालिका चुनाव के समय 25 सिंबल को सुरक्षित रखा है. इसमें लट्टू, बगुला, हल, बरगद का पेड़, चौका बेलन, टोप, लिफाफा, मक्का, कांच का ग्लास, अंगूठी, ट्रक, बांसुरी, भोजन की थाली, माचिस, हैंगर, कंघा, खल-मूसल, खुपरी, नारियल, बल्ला, फ्रॉक, गुड़िया, लेड़ी पर्स, ब्रस और मोतियों की माला शामिल है. प्रत्याशी के सिंबल आवंटन में नाम के हिंदी वर्णानुक्रम का पालन किया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










