बक्सर में शादी के वर्षों बाद फिर किताबें थाम रहीं जीविका दीदियां, 100 महिलाएं-युवा मैट्रिक की तैयारी में जुटे, देखें वीडियो
बक्सर की जीविका दीदियां अधूरी शिक्षा पूरी कर रही हैं. परिवार की जिम्मेदारियों के बावजूद ये महिलाएं मैट्रिक की तैयारी कर रही हैं. दोबारा पढ़ाई का अवसर मिलने से सपनों को नई उड़ान मिली है.
बक्सर के राजपुर में पढ़ने और सीखने की कोई उम्र नहीं होती. इस बात को की जीविका दीदियां सच साबित कर रही हैं. परिवार की जिम्मेदारियों के कारण जिन महिलाओं की पढ़ाई बीच में छूट गयी थी, वे अब दोबारा किताबें थामकर मैट्रिक की तैयारी कर रही हैं. सरकार की विशेष पहल से उन्हें अधूरी शिक्षा पूरी करने का अवसर मिला है. इस अभियान से सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पढ़ाई छोड़ चुके युवक-युवतियां भी जुड़ रहे हैं.
जीविका अधिकार केंद्र में चल रही नियमित कक्षाएं
राजपुर स्थित जीविका अधिकार केंद्र पर पिछले दो महीनों से विशेष शिक्षा केंद्र संचालित किया जा रहा है. जीविका सीआरपी राजकुमारी देवी की देखरेख और प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के विशाल कुमार के नेतृत्व में यहां प्रतिदिन कक्षाएं चल रही हैं. वर्तमान में करीब 100 शिक्षार्थी नियमित रूप से पढ़ाई कर रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, आगामी जुलाई महीने में इसकी लिखित परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले अभ्यर्थियों को मैट्रिक के समकक्ष मान्यता प्राप्त होगी. इससे उन लोगों को अपनी पढ़ाई पूरी करने का मौका मिल रहा है, जो किसी कारणवश स्कूल की शिक्षा पूरी नहीं कर सके थे.
शादी के वर्षों बाद पूरा होगा पढ़ाई का सपना
जीविका समूह से जुड़ी वितिका देवी, धनवरती कुमारी और सुनैना देवी ने इस पहल पर खुशी जतायी. उन्होंने बताया कि परिवार की जिम्मेदारियों के बीच पढ़ाई जारी रखना आसान नहीं था. शादी के बाद उनकी शिक्षा अधूरी रह गयी थी, लेकिन अब दोबारा पढ़ने का अवसर मिला है. वे परीक्षा पास कर अपने अधूरे सपने को पूरा करना चाहती हैं.
महिलाओं का कहना है कि इस पहल से उन्हें आगे बढ़ने और समाज में अपनी अलग पहचान बनाने का मौका मिलेगा. उनके लिए यह सिर्फ परीक्षा की तैयारी नहीं, बल्कि वर्षों से अधूरे पड़े सपनों को पूरा करने की कोशिश है.
पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं को भी मिली नई उम्मीद
इस शिक्षा केंद्र से उन छात्र-छात्राओं को भी जोड़ा गया है, जिनकी पढ़ाई किसी वजह से बीच में छूट गयी थी. वर्ष 2023 से 2026 के बीच अलग-अलग सत्रों में परीक्षा में असफल होने, आर्थिक तंगी या परिवार का सहयोग नहीं मिलने के कारण पढ़ाई छोड़ चुके युवाओं को यहां फिर से शिक्षा हासिल करने का अवसर मिल रहा है.
बारूपुर की आरती कुमारी, सोनी कुमारी, अंजू कुमारी, रूबी कुमारी, मुकेश कुमार और आशा कुमारी के अलावा जलहरा के विजेंद्र कुमार, पलिया के विजय कुमार, खीरी के परवेज अंसारी और कटरिया के छोटू कुमार भी इस केंद्र में पढ़ाई कर रहे हैं.
इन शिक्षार्थियों ने बताया कि वे परीक्षा पास कर अपनी शिक्षा पूरी करना चाहते हैं. इसके बाद रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने की योजना है. जीविका अधिकार केंद्र की यह पहल उन लोगों के लिए उम्मीद बन रही है, जिनकी पढ़ाई परिस्थितियों के कारण अधूरी रह गयी थी.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
