बक्सर में सिकरौल थानाध्यक्ष पर गिरी गाज, कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में एसपी शुभम आर्य ने किया निलंबित

सांकेतिक तस्वीर
बक्सर जिले में पुलिस महकमे में बड़ा एक्शन हुआ है. सिकरौल थानाध्यक्ष को कर्तव्य में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है. यह कार्रवाई एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर की गई है.
Buxar SP Suspend SHO : बक्सर जिले में पुलिस प्रशासन ने अनुशासन को लेकर बड़ा संदेश दिया है. पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने कर्तव्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में सिकरौल थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. यह कार्रवाई जांच के बाद की गई है, जिसमें थानाध्यक्ष के कार्य निष्पादन में कमी और जिम्मेदारियों के प्रति उदासीनता सामने आई थी.
एसपी कार्यालय से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि थानाध्यक्ष अंकुश कुमार मंडल अपने दायित्वों का निर्वहन अपेक्षित स्तर पर नहीं कर रहे थे. मामले की जांच के बाद जब आरोपों की पुष्टि हुई, तो बिना देर किए उनके खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई. इस कदम को पुलिस प्रशासन की सख्ती और जवाबदेही तय करने की दिशा में अहम माना जा रहा है.
Buxar News : जांच के बाद हुई सख्त कार्रवाई
सूत्रों के अनुसार, थानाध्यक्ष के कार्यशैली को लेकर कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं. इसके बाद विभागीय स्तर पर मामले की जांच कराई गई. जांच रिपोर्ट में लापरवाही के पर्याप्त संकेत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने कड़ा रुख अपनाते हुए निलंबन का आदेश जारी कर दिया.
इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है. कई थानों में पदस्थापित अधिकारी अब अपने कार्यों को लेकर अधिक सतर्क हो गए हैं. इसे एक तरह से पूरे जिले के पुलिस बल के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है.
Buxar SP Action : एसपी का स्पष्ट संदेश, लापरवाही नहीं चलेगी
निलंबन के बाद पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने साफ शब्दों में कहा है कि कर्तव्य में किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की पहली जिम्मेदारी है. इसमें कोताही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मी को बख्शा नहीं जाएगा.
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समयबद्ध तरीके से करें. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आगे भी यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
बक्सर में सिकरौल थानाध्यक्ष के निलंबन की यह कार्रवाई पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है. इससे साफ संदेश गया है कि प्रशासन अब लापरवाही को नजरअंदाज नहीं करेगा. आने वाले दिनों में इसका असर पुलिस कार्यशैली पर भी देखने को मिल सकता है, जिससे कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










