बक्सर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण, बिजली व्यवस्था की ली जानकारी
निरीक्षण करते प्रभारी सचिव | Prabhat Khabar Network
बक्सर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का प्रभारी सचिव ने स्थलीय निरीक्षण किया. इसके बाद राजस्व संग्रहण, बिजली व्यवस्था और रूफटॉप सोलर योजना की समीक्षा बैठक हुई. उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और योजनाओं के क्रियान्वयन पर जोर दिया.
प्रभारी सचिव, बक्सर-सह-सचिव, ऊर्जा विभाग एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक अजय यादव ने सोमवार को डीएम साहिला एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने प्रभावित इलाकों की स्थिति का जायजा लिया तथा स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली.
निरीक्षण के बाद समाहरणालय में आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक हुई. बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्य तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई. प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
राजस्व संग्रहण व बिजली व्यवस्था की समीक्षा
समीक्षा बैठक में ऊर्जा सचिव ने जिले में राजस्व संग्रहण तथा विद्युत संचालन एवं अनुरक्षण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद एवं समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि स्थानीय स्तर पर विद्युत संबंधी समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो सके.
उन्होंने डिफेक्टिव मीटरों की स्थिति की भी जानकारी ली और खराब मीटरों की मरम्मत अथवा आवश्यकता के अनुसार बदलने की कार्रवाई निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया. सभी कार्य विभागीय एस ओ पी के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया.

अर्जुनपुर में रूफटॉप सोलर योजना का लिया फीडबैक
ऊर्जा सचिव ने अर्जुनपुर गांव पहुंचकर कुटीर ज्योति योजना के तहत रूफटॉप सोलर लगाने वाले लाभार्थी के घर का निरीक्षण किया. उन्होंने लाभार्थी से बातचीत कर सोलर से मिल रहे लाभ और विद्युत उपयोग में हुए बदलाव की जानकारी ली. अधिकारियों को पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने और योजना के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी करते हुए पात्र लाभार्थियों को जोड़ने में तेजी लाने का निर्देश दिया. बैठक में जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए