डुमरांव ग्रिड आज पहुंचेगा 80 एमवीए का नया ट्रांसफार्मर, बिजली व्यवस्था बहाल होने में लगेंगे 10-12 दिन

Updated:
विज्ञापन

डुमरांव ग्रिड | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नया 80 एमवीए ट्रांसफार्मर आज पहुंचेगा. पुराने ट्रांसफार्मर के खराब होने के कारण क्षेत्र में बिजली की समस्या बनी हुई थी. नए ट्रांसफार्मर के लगने से ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है.

विज्ञापन

डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र की बिजली व्यवस्था में सुधार की दिशा में सोमवार को महत्वपूर्ण काम शुरू किया गया. नए 80 एमवीए ट्रांसफार्मर के इंस्टॉलेशन से पहले जरूरी कनेक्शन और वैकल्पिक व्यवस्था में बदलाव के लिए डुमरांव ग्रिड से जुड़े 33 केवी के तीन प्रमुख फीडरों प्रताप सागर, बीएमपी-4 और सिमरी में बिजली आपूर्ति बाधित रही.

विज्ञापन

विभाग की ओर से पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न दो बजे तक शटडाउन की सूचना दी गयी थी, लेकिन तकनीकी कारणों से निर्धारित समय पर शटडाउन नहीं मिल सका. बाद में शटडाउन मिलने के बाद करीब दो बजे काम शुरू हुआ और शाम छह बजे तक तीनों फीडरों की बिजली आपूर्ति बाधित रही.

दोपहर तक शटडाउन नहीं मिलने से बनी रही असमंजस की स्थिति

शटडाउन नहीं मिलने के कारण दोपहर तक उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी रही. प्रारंभ में तकनीकी कारणों से शटडाउन को री-शेड्यूल किये जाने की सूचना सामने आयी थी. इससे यह कयास लगाये जा रहे थे कि काम बुधवार या उसके बाद किसी तिथि पर किया जायेगा. हालांकि, विभाग ने सोमवार को ही शटडाउन लेकर काम शुरू कर दिया. सहायक कार्यपालक अभियंता अभिषेक कुमार ने बताया कि आवश्यक कार्य सोमवार को ही पूरा किया जायेगा.

हरनौत से आज डुमरांव पहुंचेगा नया ट्रांसफार्मर

अभिषेक कुमार ने बताया कि अटलांटा कंपनी का नया 80 एमवीए ट्रांसफार्मर नालंदा जिले के हरनौत से डुमरांव के लिए रवाना हो चुका है और मंगलवार को इसके डुमरांव ग्रिड पहुंचने की उम्मीद है. ट्रांसफार्मर की स्थापना को लेकर आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गयी हैं. पुराने वायर को हटा दिया गया है, क्योंकि उसमें करंट फ्लो हो रहा था. अब दूसरी तरफ से नया वायर बिछाकर करंट दिया जायेगा. इसके बाद ट्रांसफार्मर को चार्ज किया जायेगा.

तेल का सैंपल पटना भेजा जायेगा, फिर होगी तकनीकी जांच

ट्रांसफार्मर को चार्ज करने के बाद उसके तेल का सैंपल जांच के लिए पटना भेजा जायेगा. इसके बाद तकनीकी टीम डुमरांव ग्रिड पहुंचकर ट्रांसफार्मर और उससे जुड़ी पूरी व्यवस्था की जांच करेगी. विभाग के अनुसार, यदि सभी तकनीकी जांच सामान्य रही, तो करीब आठ से 10 दिनों के अंदर नए ट्रांसफार्मर से क्षेत्र के 13 फीडरों में बिजली आपूर्ति बहाल करा दी जायेगी.

खराब 80 एमवीए ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए गुजरात भेजा गया

गौरतलब है कि डुमरांव ग्रिड में लगे पुराने 80 एमवीए ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के बाद उसे मरम्मत के लिए गुजरात भेजा गया है. फिलहाल क्षेत्र में बिजली आपूर्ति वैकल्पिक व्यवस्था के तहत संचालित की जा रही है. इसी कारण कई बार लोड बढ़ने पर ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति में व्यवधान की समस्या सामने आ रही है.

ओवरलोडिंग और ट्रिपिंग की समस्या से मिलेगी राहत

विभाग का मानना है कि नया 80 एमवीए ट्रांसफार्मर चालू होने के बाद डुमरांव क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक स्थिर होगी. सिस्टम अपग्रेड होने से ओवरलोडिंग, बार-बार ट्रिपिंग और बिजली आपूर्ति में होने वाले व्यवधान की समस्या में कमी आने की उम्मीद है. नए ट्रांसफार्मर के चालू होने के बाद क्षेत्र के 13 फीडरों से जुड़े उपभोक्ताओं को इसका सीधा लाभ मिलेगा.

यह भी पढ़ें : डुमरांव ग्रिड का 80 एमवीए ट्रांसफार्मर मरम्मत के लिए गुजरात भेजा गया

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन