बक्सर में गंगा का रौद्र रूप, लाल निशान के बेहद करीब पहुंचा पानी; रामरेखाघाट जलमग्न
AI से बनाई गई तस्वीर
बक्सर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। रामरेखाघाट जलमग्न हो गया है और नदी खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गई है। प्रशासन अलर्ट पर है।
Buxar News : बक्सर में गंगा नदी के जलस्तर में लगातार हो रही तेज वृद्धि से तटवर्ती इलाकों में चिंता बढ़ गई है. पिछले दो दिनों से तेजी से बढ़ रहे जलस्तर के कारण सोमवार को गंगा चेतावनी स्तर 59.32 मीटर को काफी पीछे छोड़ते हुए खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंच गई. शाम 6 बजे तक नदी का जलस्तर 59.78 मीटर रिकॉर्ड किया गया. ऐसे में गंगा अब लाल निशान से महज 54 सेंटीमीटर नीचे बह रही है.
आपके शहर में
रामरेखाघाट का विवाह मंडप पानी में डूबा
गंगा के उफान का असर बक्सर शहर के प्रसिद्ध रामरेखाघाट पर भी साफ दिखाई देने लगा है. नदी की तेज धारा घाट स्थित विवाह मंडप तक पहुंच गई है और पूरा परिसर पानी में जलमग्न हो गया है. घाट पर आने वाले श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जलस्तर में इसी तरह वृद्धि जारी रही तो घाट के आसपास के अन्य हिस्सों में भी पानी फैलने की आशंका बढ़ गई है.
सुबह से लगातार बढ़ता रहा जलस्तर
केंद्रीय जल आयोग के बुलेटिन के अनुसार सोमवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 59.70 मीटर दर्ज किया गया था. उस समय नदी का पानी करीब 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था. दोपहर में जलस्तर बढ़ने की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई, लेकिन वृद्धि जारी रही. शाम 4 बजे तक जलस्तर 59.76 मीटर पहुंच गया.
शाम होते ही फिर बढ़ी गंगा की रफ्तार
शाम 6 बजे तक गंगा का जलस्तर बढ़कर 59.78 मीटर हो गया. पिछले दो घंटे से नदी का पानी करीब 1 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है. लगातार बढ़ते जलस्तर ने तटवर्ती इलाकों के लोगों की चिंता बढ़ा दी है. प्रशासन और स्थानीय लोग नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं.
खतरे के निशान से महज 54 सेंटीमीटर नीचे
बक्सर में गंगा के खतरे का निशान 60.32 मीटर है. सोमवार शाम नदी का जलस्तर 59.78 मीटर दर्ज होने के साथ ही यह लाल निशान से महज 54 सेंटीमीटर नीचे रह गया है. जलस्तर में वृद्धि जारी रहने की स्थिति में गंगा जल्द ही खतरे के निशान को पार कर सकती है. ऐसे में तटवर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए