बक्सर में ई-म्यूटेशन की धीमी रफ्तार पर 7 CO का वेतन रुका, एक अंचलाधिकारी पर भी कार्रवाई
फोटो -जिला समन्वय समिति की बैठक करती डीएम | Prabhat Khabar Network
बक्सर में जिला समन्वय समिति की बैठक में डीएम ने ई-म्यूटेशन और राजस्व कार्यों में लापरवाही बरतने वाले 8 अंचलाधिकारियों का वेतन तत्काल प्रभाव से रोक दिया है।
Buxar News : बक्सर जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित हुई. बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गयी. इस दौरान कई मामलों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर डीएम ने नाराजगी जतायी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिये.
आपके शहर में
ई-म्यूटेशन में लापरवाही पर 7 सीओ का वेतन स्थगित
राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान ई-म्यूटेशन की धीमी प्रगति सामने आने पर डीएम ने सख्त रुख अपनाया. बार-बार निर्देश दिये जाने के बावजूद लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं होने पर इटाढ़ी, राजपुर, नावानगर, चक्की, चौगाई, चौसा और ब्रह्मपुर के अंचलाधिकारियों से कारण-पृच्छा करने का निर्देश दिया गया. साथ ही अगले आदेश तक संबंधित सीओ का वेतन स्थगित रखने को कहा गया. अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर प्रगति में सुधार लाने का निर्देश दिया गया.
परिमार्जन प्लस में भी लापरवाही पर कार्रवाई
परिमार्जन प्लस की समीक्षा में बक्सर अंचल की प्रगति संतोषजनक नहीं पायी गयी. इस पर डीएम ने बक्सर के अंचलाधिकारी का वेतन भी अगले आदेश तक स्थगित करने का निर्देश दिया. राजस्व महाअभियान के तहत प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की स्थिति की भी समीक्षा की गयी. असंतोषजनक प्रगति मिलने पर अपर समाहर्ता को लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई का प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया.
पंचायत शिविरों में अधिकारी नहीं पहुंचे तो होगी कार्रवाई
पंचायत विकास दिवस की समीक्षा के दौरान सामने आया कि माह के अंतिम रविवार को आयोजित होने वाले शिविरों में कई अधिकारी उपस्थित नहीं हो रहे हैं. डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए डीडीसी को अनुपस्थित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगने और शिविरों में शत-प्रतिशत अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. पंचायत सहयोग शिविरों का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को भी कहा गया.
स्कूलों में दीपावली तक पूरा होगा रंग-रोगन
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान डीएम ने सभी सरकारी स्कूलों में साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. स्कूलों में रंग-रोगन का काम दीपावली तक पूरा कराने को कहा गया. इसके अलावा प्रत्येक माह के अंतिम शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने का निर्देश दिया गया.
अस्पताल जाने वाली सड़क पर लापरवाही से डीएम नाराज
डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल जाने वाले मार्ग की स्थिति पर भी बैठक में चर्चा हुई. सड़क पर ईंट रखे होने और मरम्मत कार्य नहीं होने पर डीएम ने नाराजगी जतायी. उन्होंने एसडीएम डुमरांव को संबंधित सहायक अभियंता और कनीय अभियंता के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
बाईपास सड़क के चौड़ीकरण का रास्ता होगा साफ
बक्सर नगर परिषद क्षेत्र में बाईपास सड़क के समतलीकरण और चौड़ीकरण की भी समीक्षा की गयी. डीएम ने पथ निर्माण विभाग को वन विभाग से आवश्यक एनओसी प्राप्त कर सड़क का काम पूरा कराने का निर्देश दिया. इसके साथ ही लोक शिकायत से जुड़े अतिक्रमण मामलों का त्वरित निष्पादन करने को कहा गया.
गंगा के बढ़ते जलस्तर पर नजर रखने का निर्देश
बैठक में गंगा के बढ़ते जलस्तर को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया. संबंधित पदाधिकारियों को लगातार जलस्तर की निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने को कहा गया. इसके अलावा कृषक निबंधन के लक्ष्य को पूरा करने तथा टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिये गये.
डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार की योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी. अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कर प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए