बक्सर के राजपुर में पूर्व सैनिकों को मिला अपना कार्यालय, BDO को सम्मानित कर जताया आभार
फोटो :- बीडीओ को सम्मानित करते पूर्व सैनिक | Prabhat Khabar Network
राजपुर प्रखंड कार्यालय में पूर्व सैनिकों को मिला नया दफ्तर, बीडीओ मनोज कुमार को सम्मानित कर जताया आभार। अब सैनिकों को नहीं लगाने पड़ेंगे जिला मुख्यालय के चक्कर।
Buxar News : बक्सर जिले के राजपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में इंडियन एक्स-सर्विसमेन मूवमेंट के बैनर तले सेवानिवृत्त सैनिकों ने बीडीओ मनोज कुमार को सम्मानित किया. पूर्व सैनिकों की महीनों पुरानी मांग पर बीडीओ ने संगठन के कार्यालय संचालन के लिए प्रखंड कार्यालय परिसर में एक कमरा आवंटित किया है. कार्यालय मिलने की खुशी में पूर्व सैनिकों ने बीडीओ के प्रति आभार जताते हुए उन्हें सम्मानित किया.
आपके शहर में
पूर्व सैनिकों को अब जिला मुख्यालय का नहीं लगाना पड़ेगा चक्कर
प्रखंड कार्यालय में कमरा मिलने से क्षेत्र के सेवानिवृत्त सैनिकों और उनके परिवारों में खुशी है. अब छोटे-बड़े काम, समस्याओं के समाधान और जरूरी कागजी प्रक्रिया के लिए उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. पूर्व सैनिकों का कहना है कि प्रखंड स्तर पर ही उनके कार्यों का समय पर निष्पादन हो सकेगा.
प्रशासन के साथ हर कदम पर सहयोग का भरोसा
पूर्व सैनिकों ने कहा कि वे सरकार और स्थानीय प्रशासन के कार्यों में हरसंभव सहयोग करेंगे. जब भी प्रखंड प्रशासन को पूर्व सैनिकों की जरूरत होगी, वे पूरी तत्परता के साथ सहयोग के लिए तैयार रहेंगे. आईईएसएम सदस्यों ने क्षेत्र के सभी पूर्व सैनिकों से संगठन से जुड़ने और इस पहल का लाभ उठाने की अपील की.
पूर्व सैनिकों को जागरूक करने पर भी जोर
कार्यक्रम में संगठन की गतिविधियों और पूर्व सैनिकों से जुड़ी समस्याओं पर भी चर्चा हुई. सदस्यों ने कहा कि प्रखंड स्तर पर कार्यालय उपलब्ध होने से पूर्व सैनिकों के बीच आपसी समन्वय बेहतर होगा और उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने में भी सुविधा होगी.
इस दौरान आईईएसएम के जिलाध्यक्ष हरेंद्र तिवारी, उपाध्यक्ष विद्यासागर चौबे, सुरेंद्र सिंह, काशीनाथ उपाध्याय, चंद्रजीत सिंह, हाकिम प्रसाद, सीताराम साह, संगीता देवी, सुदेशर शर्मा, सोमनाथ शर्मा, कामेश्वर सिंह और ललन सिंह समेत कई सेवानिवृत्त सैनिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए