बक्सर में बड़ी कार्रवाई: अवैध खनन पर चला प्रशासन का बुलडोजर, लाखों का जुर्माना के साथ वाहन जब्त

Bihar News: बक्सर जिला प्रशासन ने अवैध मिट्टी खनन और बिना वैध परमिट परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी और दो ट्रैक्टर जब्त किए हैं. मामले में 59 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया गया है और संबंधित लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Bihar News: (प्रशांत कुमार राय) बक्सर जिला प्रशासन ने अवैध खनन एवं बिना वैध अनुज्ञप्ति के मिट्टी उत्खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए नगर थाना क्षेत्र के मिश्राही पोखरा में बड़ी कार्रवाई की है. खनन विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी के दौरान एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों को अवैध मिट्टी खनन एवं परिवहन करते हुए जब्त किया.
जांच में सामने आई अनियमितता
प्रशासनिक जांच में पाया गया कि संबंधित लोगों द्वारा बिना वैध खनन अनुज्ञप्ति और विभागीय स्वीकृति के मिट्टी का कटाव एवं परिवहन किया जा रहा था. इससे सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा है. प्रशासन ने इसे गंभीर आर्थिक अपराध मानते हुए कड़ी कार्रवाई की है.
59 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना
मामले में जब्त जेसीबी पर 10 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया है. इसके अलावा खनन की गई मिट्टी की रॉयल्टी का 25 गुना यानी करीब 46 लाख रुपये का अर्थदंड अधिरोपित किया गया है. वहीं, जब्त दोनों ट्रैक्टरों पर क्रमशः 1,09,257 रुपये और 1,05,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. कुल मिलाकर प्रशासन ने लगभग 59 लाख रुपये से अधिक की दंडात्मक कार्रवाई की है.
प्राथमिकी दर्ज, कानूनी कार्रवाई शुरू
इस मामले में संबंधित वाहन मालिकों और अन्य संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ MMDR Act, 1957 तथा बिहार खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली के तहत प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
प्रशासन की सख्त चेतावनी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि बिना वैध परमिट या अनुज्ञप्ति के किसी भी प्रकार का मिट्टी उत्खनन, परिवहन अथवा खनन पूरी तरह अवैध है. ऐसे मामलों में किसी भी व्यक्ति, संवेदक या एजेंसी को बख्शा नहीं जाएगा. अवैध खनन में संलिप्त पाए जाने पर कठोर कानूनी और दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
निर्माण एजेंसियों को निर्देश
प्रशासन ने सभी कार्य विभागों, निर्माण एजेंसियों और संवेदकों को निर्देश दिया है कि निर्माण कार्यों में मिट्टी या अन्य खनिज सामग्री का उपयोग केवल वैध खनन स्रोत और विधिवत परमिट के माध्यम से ही किया जाए. विभागीय कार्यों की आड़ में अवैध खनन या परिवहन पाए जाने पर संबंधित एजेंसी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी.
अभियान रहेगा जारी
जिला प्रशासन ने कहा है कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.
इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










