बक्सर: बनारपुर पैक्स चुनाव के लिए प्रशासन तैयार, सुबह 7 बजे से मतदान; शाम 6 बजे शुरू होगी मतगणना

Updated:
विज्ञापन

तैयारियों की समीक्षा करते बीडीओ और मतगणना हाल | Prabhat Khabar Network

बनारपुर पैक्स चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगा। पूरी जानकारी यहाँ पढ़ें।

विज्ञापन

Buxar News : चौसा पंचायत बनारपुर के प्राथमिक कृषि साख समिति (पैक्स) के निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. मंगलवार को होने वाले चुनाव को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से संयुक्त आदेश जारी किया गया है. प्रशासन ने मतदान से लेकर मतगणना तक सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को लेकर कई सख्त निर्देश जारी किए हैं.

आपके शहर में

विज्ञापन

सुबह 7 बजे से 4:30 बजे तक होगा मतदान

बनारपुर पैक्स चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से अपराह्न 4:30 बजे तक कराया जाएगा. मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 6 बजे से मतगणना शुरू होगी. प्रशासन ने मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं. मतदान के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी रोकने के लिए पुलिस की सघन गश्ती और वाहनों की जांच की जाएगी.

मतदान केंद्र के आसपास प्रचार और दुकानें रहेंगी बंद

प्रशासनिक आदेश के अनुसार मतदान केंद्र से 200 मीटर की परिधि में सभी दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहेंगे. वहीं 100 मीटर के दायरे में चुनाव प्रचार पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. मतदान केंद्र के अंदर पीठासीन पदाधिकारी को छोड़कर किसी भी कर्मी, अभिकर्ता या अभ्यर्थी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी. पीठासीन पदाधिकारी का मोबाइल भी स्विच ऑफ मोड में रहेगा.

17 दस्तावेजों से मतदाता कर सकेंगे पहचान

मतदान के दौरान मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने 17 प्रकार के दस्तावेजों को मान्य किया है. इनमें पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड, फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र, छात्र पहचान पत्र, बैंक पासबुक, जाति प्रमाण पत्र सहित अन्य मान्य दस्तावेज शामिल हैं. मतदाताओं को मतदान केंद्र पर पहचान संबंधी दस्तावेज साथ लेकर आने की सलाह दी गयी है.

कमजोर मतदाताओं को रोकने वालों पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने कमजोर वर्ग के मतदाताओं को मतदान से रोकने या प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. एसडीओ और एसडीपीओ बक्सर एवं डुमरांव क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों पर लगातार गश्ती करेंगे. प्रशासन का उद्देश्य किसी भी मतदाता को बिना भय और दबाव के मतदान का अवसर उपलब्ध कराना है.

क्यूआरटी, एंबुलेंस और अग्निशमन दल की तैनाती

किसी भी आपात स्थिति से निबटने के लिए प्रखंड कार्यालय, चौसा में अग्निशमन दल, एंबुलेंस और क्यूआरटी की तैनाती की जाएगी. मतदान के दौरान सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी. इसके लिए साइबर सेनानी ग्रुप के माध्यम से सोशल मीडिया गतिविधियों की निगरानी की जाएगी, ताकि भ्रामक सूचना या अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई की जा सके.

जिला नियंत्रण कक्ष से होगी निगरानी

चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए बक्सर समाहरणालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा. किसी भी तरह की समस्या या सूचना के लिए नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क किया जा सकता है. प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया है.

तैयारियों की समीक्षा करते बीडीओ और मतगणना हाल | Prabhat Khabar Network
तैयारियों की समीक्षा करते बीडीओ और मतगणना हाल | Prabhat Khabar Network
विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन