राजगीर के वेणुवन की बदलेगी तस्वीर,लाइट-फाउंटेन से लेकर सफाई तक पर जोर, डीएफओ ने चेताया
वेणुवन राजगीर
Rajgir Venuvan : राजगीर का ऐतिहासिक वेणुवन अब अपनी पुरानी चमक वापस पाने लगा है. वन विभाग ने वेणुवन के जीर्णोद्धार की कवायद तेज कर दी है, जिसमें सफाई, सौंदर्यीकरण, और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. डीएफओ के निरीक्षण के बाद व्यवस्थाओं में सुधार की उम्मीद जगी है.
Rajgir Venuvan : राजगीर का ऐतिहासिक वेणुवन फिर से अपने पुराने स्वरूप में लौटने लगा है. वेणुवन की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रभात खबर में प्रकाशित खबर के बाद वन विभाग ने तेजी दिखाई है. डीएफओ राजकुमार एम ने खुद स्थल का निरीक्षण किया और सफाई, सौंदर्यीकरण, फाउंटेन, लाइट तथा पर्यटक सुविधाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए. इसके बाद वेणुवन पार्ट टू में झाड़ियों और घास की कटाई-छंटाई तेज कर दी गयी है.
ऐतिहासिक वेणुवन को संवारने की कवायद तेज
महात्मा बुद्ध की साधना और मगध सम्राट बिंबिसार की ऐतिहासिक स्मृतियों से जुड़ा राजगीर का प्राचीन वेणुवन अब फिर से आकर्षक बनाने की दिशा में बढ़ रहा है. देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर माहौल देने के लिए परिसर में सफाई और सौंदर्यीकरण का काम तेज कर दिया गया है.
प्रभात खबर की खबर के बाद वन विभाग ने लिया संज्ञान
वेणुवन की बदहाल व्यवस्था को लेकर प्रभात खबर ने 31 अगस्त को ‘जर्जर फुटब्रिज और बंद फाउंटेन से वेणुवन की खूबसूरती में आई कमी’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी. इसके बाद वन विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया और कार्रवाई शुरू की.
डीएफओ ने खुद किया वेणुवन का निरीक्षण
डीएफओ राजकुमार एम ने वेणुवन का निरीक्षण कर वनों के क्षेत्र पदाधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक वेणुवन की वैश्विक पहचान से किसी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता. इसकी स्वच्छता, सुंदरता और पर्यटक सुविधाओं को बेहतर रखना विभाग की प्राथमिकता है.
वेणुवन पार्ट टू में झाड़ियों की कटाई तेज
निरीक्षण के बाद वेणुवन पार्ट टू में उगी झाड़ियों और बेतरतीब घास की युद्धस्तर पर कटाई-छंटाई करायी जा रही है. पाथवे के किनारे भी सफाई की जा रही है. सफाई से निकलने वाले कचरे और घास को निर्धारित स्थान पर ले जाकर डंप किया जा रहा है.
बुद्ध बेली बांस के संरक्षण पर भी जोर
वेणुवन की पहचान से जुड़े बुद्ध बेली बांस के संरक्षण पर भी विभाग का ध्यान है. परिसर को व्यवस्थित करने के साथ इस ऐतिहासिक स्थल की प्राकृतिक और आध्यात्मिक पहचान को बनाए रखने की कोशिश की जा रही है.
फाउंटेन और लाइट चालू कराने का निर्देश
डीएफओ ने बंद पड़े फाउंटेन और लाइट को जल्द चालू कराने का निर्देश दिया है. हालांकि शुक्रवार को दिन में वेणुवन का फाउंटेन बंद मिला. कर्मचारियों ने बताया कि फाउंटेन शाम चार बजे से चालू किया जाता है.
शौचालय में कुछ सुधार, फ्लश की समस्या बरकरार
पर्यटकों के लिए शौचालय की व्यवस्था में भी कुछ सुधार हुआ है. बेसिन के खराब नल को दुरुस्त कर दिया गया है, लेकिन कमोड के फ्लश अब भी खराब हैं. ऐसे में शौचालय की व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने की जरूरत बनी हुई है.
लापरवाही पर कर्मियों को कार्रवाई की चेतावनी
डीएफओ राजकुमार एम ने वेणुवन की देखरेख और सौंदर्यीकरण में लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही करने वाले कर्मियों पर कठोर कार्रवाई होगी. उनके अनुसार कर्तव्यहीनता के आरोप में एक कर्मी को सेवा से निलंबित भी किया गया है.
पर्यटकों को बेहतर सुविधाओं की उम्मीद
वन विभाग की सक्रियता के बाद उम्मीद बढ़ी है कि वेणुवन जल्द ही अधिक स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित नजर आएगा. बुद्ध की शांति और करुणा का संदेश देने वाले इस ऐतिहासिक स्थल पर बेहतर पर्यटक सुविधाएं मिलने से राजगीर के पर्यटन आकर्षण को भी मजबूती मिल सकती है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए