बिहारशरीफ : लोकाइन नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत, 18 घंटे बाद मिला शव, मछली पकड़ने वालों को देखने गया था मयंक
घटनास्थल पर जुटे ग्रामीण
Youth Death Lokain River : नालंदा के हिलसा में लोकाइन नदी में खेलते समय पैर फिसलने से 14 वर्षीय किशोर मयंक की डूबकर मौत हो गई. 18 घंटे की खोजबीन के बाद शुक्रवार सुबह उसका शव बरामद हुआ. घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है.
Youth Death Lokain River : नालंदा के हिलसा एवं चिकसौरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में रेडी पुल के पास गुरुवार की दोपहर लोकाइन नदी में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. बताया गया कि किशोर नदी में मछली पकड़ रहे लोगों को देखने गया था. इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में जा गिरा.
पैर फिसलते ही नदी में गिरा मयंक
मृतक की पहचान रेडी पंचायत के रसलपुर गांव निवासी अखिलेश कुमार के 14 वर्षीय पुत्र मयंक कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे मयंक रेडी पुल के पास लोकाइन नदी में मछली पकड़ रहे लोगों को देखने पहुंचा था. इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के गहरे पानी में डूब गया.
रातभर चला खोजबीन अभियान
घटना की सूचना मिलते ही हिलसा और चिकसौरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से नदी में किशोर की तलाश शुरू की गई. रातभर खोजबीन अभियान चलाया गया, लेकिन मयंक का पता नहीं चल सका.
बाजीतपुर के पास मिला शव
करीब 18 घंटे की तलाश के बाद शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे मयंक का शव घटनास्थल से दो-तीन किलोमीटर दूर बाजीतपुर गांव के पास नदी में मिला. शव बरामद होने की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई. वहीं, रसलपुर गांव में भी मातम पसर गया.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
चिकसौरा थानाध्यक्ष गौरव सिंधु और हिलसा थानाध्यक्ष चंद्रभानु ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस ने घटना से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी की.
पिता चलाते हैं किराना दुकान
मृतक के पिता अखिलेश कुमार रसलपुर गांव की मुख्य सड़क पर किराना दुकान चलाते हैं. बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया. गांव के लोगों ने भी परिवार के प्रति संवेदना जताई.
विधायक समेत कई लोग पहुंचे
घटना की जानकारी मिलने पर जदयू विधायक कृष्ण मुरारी शरण उर्फ प्रेम मुखिया रसलपुर गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया. हिलसा पश्चिमी जिला परिषद के प्रतिनिधि संजय कुमार, जदयू नेता अशोक कुमार और रवि कुमार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की.

प्रशासन ने परिवार से की मुलाकात
बीडीओ चंदन कुमार और सीओ रूपम शर्मा ने भी गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की. अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और परिवार को प्रशासनिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी.
पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये
प्रशासन की ओर से पारिवारिक लाभ योजना के तहत परिजन को 20 हजार रुपये का चेक दिया गया. अधिकारियों ने नियमानुसार परिवार को मिलने वाले अन्य सरकारी लाभ उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया. वहीं, मुखिया सुबोध कुमार ने कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की सहायता राशि दी.
गांव में पसरा मातम
मयंक की असमय मौत से रसलपुर गांव में शोक का माहौल है. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी.
Also Read : बिहारशरीफ : हिलसा-एकंगरसराय मार्ग पर गिरा विशाल पेड़, बाल-बाल बचे राहगीर, दो घंटे बाधित रहा ट्रैफिक
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए