बिहारशरीफ : सोईवा नदी का बढ़ा जलस्तर तो तटबंध में शुरू हुआ कटाव, अधिकारी पहुंचे, युद्धस्तर पर शुरू हुई मरम्मत

Updated:
विज्ञापन

सोयवा नदी में तटबंध कटाव का मरम्मती करते लोग

Soiwa River embankment erosion : बिहारशरीफ के बिंद प्रखंड में सोईवा नदी का जलस्तर बढ़ने से तटबंध में कटाव शुरू हो गया है. प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बालू भरी बोरियों और बांस की मदद से तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करवाया है. स्थानीय लोग चिंतित हैं कि अगर कटाव नहीं रोका गया तो खेतों में पानी फैल सकता है.

विज्ञापन

Soiwa River embankment erosion : बिहारशरीफ के बिंद प्रखंड क्षेत्र में सोईवा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने से उतरथु पंचायत सरकार भवन के समीप तटबंध में कटाव शुरू हो गया है. कटाव की सूचना मिलते ही प्रशासन और जल संसाधन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लेकर तत्काल मरम्मत कराने का निर्देश दिया. इसके बाद बालू भरी बोरियों और बांस की मदद से तटबंध को सुरक्षित करने का काम शुरू कर दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

उतरथु में तटबंध पर बढ़ा खतरा

बिंद प्रखंड की उतरथु पंचायत सरकार भवन के समीप सोईवा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद तटबंध पर दबाव बढ़ गया है. इसी वजह से तटबंध के एक हिस्से में तेजी से कटाव शुरू होने की जानकारी सामने आई है. स्थानीय स्तर पर कटाव की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया.

सोयवा नदी में तटबंध कटाव का मरम्मती करते लोग | Prabhat Khabar Network
मरम्मती में जुटे लोग

मुखिया प्रतिनिधि ने अधिकारियों को दी सूचना

तटबंध में कटाव की जानकारी मुखिया प्रतिनिधि नीतिन कुमार ने अधिकारियों और जल संसाधन विभाग को दी. सूचना मिलने के बाद एसडीओ किसलय श्रीवास्तव, बीडीओ जफरूद्दीन और जल संसाधन विभाग के जेई अशोक कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने तटबंध की स्थिति और नदी के बढ़ते जलस्तर का जायजा लिया.

बालू की बोरियों और बांस से शुरू हुई मरम्मत

नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए अधिकारियों ने संबंधित कर्मियों को तटबंध की जल्द मरम्मत कराने का निर्देश दिया. आदेश मिलते ही कर्मियों ने बालू भरी बोरियां और बांस मौके पर मंगवाए. ग्रामीणों के सहयोग से तटबंध को सुरक्षित करने के लिए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया.

सोयवा नदी में तटबंध कटाव का मरम्मती करते लोग | Prabhat Khabar Network
कटाव को रोकने के लिए तटबंध बनाते लोग

कटाव बढ़ा तो खेतों में फैल सकता है पानी

स्थानीय लोगों ने बताया कि अगर समय रहते कटाव पर नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है. तटबंध का कटाव बढ़ने पर सोईवा नदी का पानी आसपास के खेतों की ओर फैलने की आशंका है. इससे किसानों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है.

पिछले साल भी टूटे थे कई तटबंध

स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले वर्ष बरसात की पहली बारिश के दौरान जीराइन, कुंभरी समेत क्षेत्र की अन्य नदियों ने काफी तबाही मचाई थी. रसलपुर, सदरपुर, गोविंदपुर और मोहद्दीपुर समेत कई जगहों पर नदी के तटबंध टूट गए थे.

सोयवा नदी में तटबंध कटाव का मरम्मती करते लोग | Prabhat Khabar Network
सोयवा नदी में तटबंध कटाव

सैकड़ों एकड़ फसल हुई थी जलमग्न

तटबंध टूटने के बाद जैतीपुर, मोहद्दीपुर, रसलपुर, इब्राहिमपुर और निगराइन समेत कई गांवों के किसानों की सैकड़ों एकड़ जमीन में लगी फसल पानी में डूब गई थी. इससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था. इसी वजह से इस बार नदी के बढ़ते जलस्तर और तटबंधों की स्थिति पर स्थानीय लोगों की नजर बनी हुई है.

तटबंधों पर विशेष नजर रखने का निर्देश

बीडीओ जफरूद्दीन ने बताया कि नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए कर्मियों को तटबंधों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया गया है. उन्होंने कहा कि किसी भी स्थान पर कटाव की स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है.

मौके पर मौजूद रहे अधिकारी और जनप्रतिनिधि

मरम्मत कार्य के दौरान थानाप्रभारी मुरली मनोहर आजाद, आरओ अर्चना यादव, राजस्व कर्मचारी मो. फिरोज अंसारी, जेई अशोक कुमार, पंचायत सचिव अविनाश कुमार, सरपंच चन्द्रमौली प्रसाद समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

Also Read : हिलसा : लोकायन नदी का जलस्तर 3.50 मीटर पहुंचा, चार बार टूट चुका धुरी बिगहा तटबंध, लोगों की बढ़ी चिंता

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन