बिहारशरीफ : बिंद में सोइवा नदी का जलस्तर बढ़ा, तटबंध में तेजी से कटाव; प्रशासन ने शुरू कराया मरम्मत कार्य
बिंद के उतरथु पंचायत सरकार भवन समीप सोईवा नदी तटबंध का जायजा लेते एसडीओ, बीडीओ जफरूद्दीन व अन्य | Prabhat Khabar Network
सोइवा नदी का जलस्तर बढ़ने से बिहारशरीफ के बिंद प्रखंड में तटबंधों में कटाव शुरू हो गया है. स्थानीय अधिकारियों ने मौके का जायजा लेकर तुरंत मरम्मत के आदेश दिए हैं. बालू भरी बोरियों और बांस की मदद से तत्काल बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है.
बिहारशरीफ के बिंद प्रखंड के उत्तरथु पंचायत सरकार भवन के समीप सोईवा नदी का जलस्तर काफी बढ़ जाने से नदी तटबंध में कटाव होना शुरू हो गया है. मुखिया प्रतिनिधि नितिन कुमार ने अधिकारियों व जल संसाधन विभाग को तटबंधों के तेजी से हो रहे कटाव की जानकारी दी.
आपके शहर में
अधिकारियों ने स्थल पर पहुंचकर लिया जायजा
जानकारी मिलते ही एसडीओ किसलय श्रीवास्तव, बीडीओ जफरुद्दीन और जल संसाधन विभाग के जेई अशोक कुमार ने जायजा लिया. अधिकारियों ने जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए कर्मियों को तटबंध की अतिशीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया.
बालू भरी बोरियों और बांस से तुरंत मरम्मत शुरू
आदेश मिलते ही कर्मियों ने आनन-फानन में बालू भरी बोरी व बांस मंगाया. ग्रामीणों के सहयोग से तत्काल प्रभाव से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है.
गत वर्ष नदी टूटने से मची थी भारी तबाही
विदित हो कि गत वर्ष बरसात की पहली बारिश में जीराईन, कुंभरी व अन्य नदियों ने काफी तबाही मचाई थी. रसलपुर, सदरपुर, गोविंदपुर, मोहद्दीपुर समेत कई जगहों पर नदी का तटबंध टूट गया था.
सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें हुई थीं जलमग्न
तटबंध टूट जाने से जैतीपुर, मोहद्दीपुर, रसलपुर, इब्राहिमपुर, निगराइन समेत कई अन्य गांवों के किसानों की सैकड़ों एकड़ जमीन में लगी फसलें जलमग्न हो गई थीं.

कर्मियों को तटबंधों पर नजर रखने की हिदायत
बीडीओ ने कहा कि नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को देखते हुए कर्मियों को नदी तटबंधों पर नजर बनाए रखने को कहा गया है.
निरीक्षण के दौरान कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
मौके पर आरओ अर्चना यादव, राजस्व कर्मचारी मो फिरोज अंसारी, पंचायत सचिव अविनाश कुमार, सरपंच चंद्रमौली प्रसाद व अन्य मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए