नालंदा: भगवान बुद्ध के प्रमुख शिष्य थे आचार्य सारिपुत्र, प्रज्ञा और तार्किक क्षमता से बौद्ध धर्म में बनाई अलग पहचान

Updated:
विज्ञापन

प्राचीन नालंदा विश्वविद्यालय का वो भग्नावशेष जो सारिपुत्र से जुड़ी है | Prabhat Khabar Network

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

Acharya Sariputra Nalanda : भगवान बुद्ध के प्रज्ञावान शिष्य आचार्य सारिपुत्र ने बौद्ध धर्म को सरल और तार्किक बनाया. जानें नालंदा की ज्ञान विरासत से जुड़े उनके जीवन और योगदान को.

विज्ञापन

Acharya Sariputra Nalanda : नालंदा की पहचान केवल विश्वविख्यात प्राचीन विश्वविद्यालय और उसकी समृद्ध शैक्षणिक परंपरा तक सीमित नहीं है. इस धरती की ज्ञान और आध्यात्मिक विरासत की जड़ें भगवान बुद्ध के समय तक पहुंचती हैं. प्राचीन मगध की इसी भूमि से जुड़े आचार्य सारिपुत्र ने अपनी असाधारण प्रज्ञा, तार्किक क्षमता और शिक्षण-कौशल से बौद्ध धर्म के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी. आगामी 24 नवंबर को आचार्य सारिपुत्र के परिनिर्वाण दिवस के अवसर पर नव नालंदा महाविहार के अंग्रेजी विभाग के प्रोफेसर एवं अधिष्ठाता तथा छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. श्रीकांत सिंह ने उनके जीवन और योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

विज्ञापन

प्रज्ञा में सर्वोच्च स्थान पर थे भगवान बुद्ध के शिष्य सारिपुत्र

प्रो. श्रीकांत सिंह ने बताया कि भगवान बुद्ध के प्रमुख शिष्यों में अग्रणी सारिपुत्र को प्रज्ञा यानी ज्ञान और विवेक में सर्वोच्च स्थान प्राप्त था. उन्होंने भगवान बुद्ध की शिक्षाओं को आत्मसात करने के साथ ही उन्हें सरल, तार्किक और क्रमबद्ध तरीके से समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कठिन दार्शनिक और आध्यात्मिक विषयों को सहज भाषा में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें अन्य शिष्यों से अलग पहचान दिलाती थी.

उपतिस्स था सारिपुत्र का मूल नाम, नालक गांव में हुआ था जन्म

प्रो. सिंह के अनुसार, बौद्ध परंपरा में सारिपुत्र का मूल नाम उपतिस्स बताया गया है. उनका जन्म मगध के नालक नामक गांव में हुआ था, जिसे प्राचीन नालंदा के आसपास स्थित माना जाता है. उनकी माता का नाम रूपसारी था. इसी कारण वे सारिपुत्र अर्थात सारि के पुत्र कहलाए.

उनके बाल्यकाल के मित्र कोलित आगे चलकर महामौद्गल्यायन के नाम से प्रसिद्ध हुए. दोनों मित्र जीवन के सत्य और दुखों से मुक्ति का मार्ग खोजने निकले थे. इसी तलाश के दौरान राजगृह में सारिपुत्र की मुलाकात भगवान बुद्ध के शिष्य अश्वजित से हुई. उनसे बुद्ध की शिक्षाओं का सार सुनकर वे काफी प्रभावित हुए और बुद्ध की शरण ग्रहण कर ली. बाद में उनके मित्र कोलित ने भी बौद्ध संघ में प्रवेश किया. दोनों भगवान बुद्ध के प्रमुख शिष्यों में शामिल हो गए.

कठिन विषयों को तार्किक तरीके से समझाने में थे माहिर

प्रो. श्रीकांत सिंह ने बताया कि भगवान बुद्ध ने सारिपुत्र को अपने शिष्यों में प्रज्ञा के मामले में अग्रणी माना था. उनकी सबसे बड़ी विशेषता कठिन दार्शनिक और आध्यात्मिक विषयों को तार्किक ढंग से समझाना थी. वे केवल बुद्ध के उपदेशों को दोहराते नहीं थे, बल्कि उनके गहरे अर्थ और विभिन्न सिद्धांतों के आपसी संबंधों को भी स्पष्ट करते थे.

इसी महत्वपूर्ण भूमिका के कारण बौद्ध साहित्य में उन्हें 'धर्मसेनापति' कहा गया. धर्म की व्याख्या और बौद्ध संघ के संचालन में उनका विशेष योगदान था. वे शिष्यों की जिज्ञासाओं का धैर्यपूर्वक समाधान करते थे और उन्हें तर्क एवं विवेक के आधार पर सत्य को समझने के लिए प्रेरित करते थे.

ज्ञान के साथ विनम्रता और करुणा के भी प्रतीक थे सारिपुत्र

आचार्य सारिपुत्र का व्यक्तित्व केवल ज्ञान और तर्क तक सीमित नहीं था. वे विनम्र, अनुशासित, धैर्यवान और करुणाशील शिक्षक भी थे. बौद्ध ग्रंथों में अपने शिष्यों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और सहयोग की भावना का विशेष उल्लेख मिलता है. वे ज्ञान देने के साथ-साथ शिष्यों के व्यक्तित्व और आध्यात्मिक विकास पर भी ध्यान देते थे.

नालंदा विश्वविद्यालय के विद्यार्थी या आचार्य नहीं थे सारिपुत्र

प्रो. सिंह ने स्पष्ट किया कि आचार्य सारिपुत्र और नालंदा के संबंध को ऐतिहासिक दृष्टि से समझना जरूरी है. सारिपुत्र भगवान बुद्ध के समकालीन थे, जबकि नालंदा का प्रसिद्ध महाविहार उनसे कई शताब्दियों बाद विकसित हुआ. इसलिए उन्हें नालंदा विश्वविद्यालय का विद्यार्थी या आचार्य कहना ऐतिहासिक रूप से उचित नहीं होगा.

उन्होंने बताया कि सारिपुत्र प्राचीन मगध की उस आध्यात्मिक और बौद्धिक परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसकी भूमि पर आगे चलकर विश्वविख्यात नालंदा महाविहार विकसित हुआ. सातवीं शताब्दी में भारत आए चीनी यात्री ह्वेनसांग ने नालंदा क्षेत्र में सारिपुत्र से संबंधित एक स्तूप का उल्लेख किया है. इससे इस क्षेत्र में उनकी स्मृति की ऐतिहासिक महत्ता का पता चलता है.

वैश्विक ज्ञान परंपरा के लिए आज भी प्रेरणास्रोत है उनका जीवन

प्रो. श्रीकांत सिंह ने कहा कि आज जब नालंदा को वैश्विक ज्ञान और बौद्ध अध्ययन के केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास हो रहे हैं, तब आचार्य सारिपुत्र का जीवन और उनकी शिक्षाएं प्रासंगिक हैं. उनकी विरासत नालंदा की ऐतिहासिक गरिमा को और समृद्ध करती है. साथ ही पूरी दुनिया को ज्ञान, विवेक, करुणा और मानव कल्याण का संदेश देती है.

Also Read : नालंदा में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की रफ्तार धीमी, 23,938 के लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 43% महिलाओं का पंजीकरण

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन