नालंदा : यूडीआईडी शिविर से गायब चिकित्सकों से स्पष्टीकरण, अस्पताल प्रशासन ने उठाया कदम
राजगीर अनुमंडल अस्पताल में दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और यूडीआईडी शिविर से कई डॉक्टर अनुपस्थित रहे. इस मामले में प्रभारी उपाधीक्षक ने गैरहाजिर चिकित्सकों से स्पष्टीकरण मांगा है. इस कार्रवाई से प्रभावित दिव्यांग बच्चों और अभिभावकों को राहत मिलने की उम्मीद है.
Nalanda News : राजगीर अनुमंडलीय अस्पताल में शुक्रवार को आयोजित दिव्यांगता प्रमाण-पत्र एवं यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) शिविर से अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों से प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. रवि रंजन ने स्पष्टीकरण मांगा है.
प्रभात खबर के शनिवार के अंक में ‘यूडीआईडी शिविर में नहीं आये कई डॉक्टर, जांच पर संकट’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने यह कार्रवाई की है.
इन्हें सौंपी गई थी जिम्मेदारी
प्रभारी उपाधीक्षक ने बताया कि शिविर में दिव्यांग बच्चों की जांच कर यूडीआईडी एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने के लिए डॉ. गौरव, शिशु विशेषज्ञ डॉ. स्वेश चंद्र, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रेमजीत कुमार, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार, डॉ. सपना गुप्ता तथा फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. नासीर सुलेमान की ड्यूटी लगायी गयी थी.
एक को छोड़ सभी अनुपस्थित
नामित चिकित्सकों में से ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. आशुतोष कुमार को छोड़कर अन्य सभी चिकित्सक शिविर में उपस्थित नहीं हुए.
चिकित्सकों की अनुपस्थिति के कारण शिविर में पहुंचे दिव्यांग बच्चों और उनके अभिभावकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. कई बच्चों की आवश्यक चिकित्सकीय जांच नहीं हो सकी, जिससे प्रक्रिया प्रभावित हुई.
जिला जाने से राहत का उद्देश्य
शिविर में 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग के विभिन्न प्रकार के दिव्यांग बच्चों की प्रखंड स्तर पर जांच कर यूडीआईडी एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र बनाने की व्यवस्था की गयी थी. इसका उद्देश्य बच्चों और उनके अभिभावकों को जिला स्तर पर बार-बार आने-जाने की परेशानी से बचाना था.
Also Read : राजगीर के हसनपुर में दिनदहाड़े 2 लाख की चोरी, तीसरे दिन भी पुलिस के हाथ खाली; CCTV से खुलासे की उम्मीद
जवाब के आधार पर होगी कार्रवाई
अस्पताल प्रशासन की इस कड़ी कार्रवाई के बाद अब अनुपस्थित चिकित्सकों द्वारा दिए जाने वाले जवाब के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की बात कही जा रही है.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए