जिले के 2633 शिक्षक बनाये गये इंटरमीडिएट परीक्षा के वीक्षक

Published by : AMLESH PRASAD Updated At : 31 Jan 2026 10:51 PM

विज्ञापन

जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत 02 फरवरी से होने जा रही है. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं.

विज्ञापन

बिहारशरीफ. जिले में इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2026 की शुरुआत 02 फरवरी से होने जा रही है. परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा जिले के कुल 40 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 44,352 परीक्षार्थी शामिल होंगे. परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, कदाचार-मुक्त एवं पारदर्शी ढंग से सुनिश्चित कराने के लिए व्यापक स्तर पर प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है. परीक्षा की निगरानी एवं संचालन को सुचारु बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कुल 2,633 सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों को वीक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है. इनमें से बिहारशरीफ अनुमंडल के 31 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 2,083 शिक्षकों की तैनाती की गई है. वहीं राजगीर अनुमंडल के चार परीक्षा केंद्रों पर 170 शिक्षकों तथा हिलसा अनुमंडल के पांच परीक्षा केंद्रों पर 380 शिक्षकों को वीक्षण कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया है. इसके अलावा परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जिले में 115 स्टैटिक दंडाधिकारियों, 38 गश्ती दलों, 20 उड़न दस्तों एवं आठ सुपर जोनल दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तुरंत कार्रवाई की जा सके. शनिवार तक विद्यालयों में पठन-पाठन कार्य जारी रहने के कारण अधिकांश शिक्षक रविवार को अपने-अपने प्रतिनियुक्त परीक्षा केंद्रों पर योगदान देंगे. इसके बाद सोमवार से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 का विधिवत संचालन शुरू हो जायेगा. जिला प्रशासन द्वारा वीक्षण कार्य में संलग्न शिक्षकों के लिए स्पष्ट निर्देश जारी किये गये हैं. वीक्षकों को समय से पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचने, परीक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने, परीक्षार्थियों की समुचित जांच करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत केंद्राधीक्षक या प्रशासनिक पदाधिकारी को देने के निर्देश दिये गये हैं. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा में कदाचार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
AMLESH PRASAD

लेखक के बारे में

By AMLESH PRASAD

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन