बिहारशरीफ सदर हॉस्पिटल में 5 साल बाद महंगी होगी जीविका दीदी की रसोई, थाली-चाय-नाश्ते के दाम बढ़ाने की तैयारी
बिहारशरीफ सदर हॉस्पिटल में 5 साल बाद महंगी होगी जीविका दीदी की रसोई, थाली-चाय-नाश्ते के दाम बढ़ाने की तैयारी
बिहारशरीफ सदर अस्पताल में 5 साल से 40 रुपये की थाली अब महंगी हो सकती है. बढ़ती महंगाई के चलते जीविका दीदी रसोई में चाय, रोटी, चावल, दाल, सब्जी और नाश्ते के दाम 10 रुपये तक बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है. खाद्य सामग्री, दूध, चीनी, दाल, तेल और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है.
Biharsharif Sadar Hospital Food Price : बिहारशरीफ सदर अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की जेब अब जीविका दीदी रसोई में भोजन के लिए कुछ और ढीली हो सकती है. करीब पांच साल बाद चाय, रोटी, चावल, दाल, सब्जी समेत नाश्ता और भोजन की दर में 10 रुपये तक बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया गया है.
आपके शहर में
रसोई प्रबंधन ने बढ़ती महंगाई, खाद्य सामग्री, दूध, चीनी, दाल, तेल और व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि को आधार बनाकर प्रस्ताव बोर्ड को भेजा है.
2021 से चल रही 40 रुपये की थाली
सदर अस्पताल परिसर में जीविका दीदी भोजनालय की शुरुआत 8 अगस्त 2021 को हुई थी. स्थापना के बाद से दर में कोई बदलाव नहीं हुआ है.
फिलहाल 40 रुपये में चावल, दाल, सब्जी, भुजिया, अचार और सलाद वाली थाली मिलती है. लेखापाल मिथिलेश कुमार ने बताया कि 5 वर्षों में चावल 20-30%, दूध 25-35%, सरसों तेल 15-25% और दालों की कीमत 40-60% तक बढ़ी है.
चीनी, मसाले और कमर्शियल गैस की बढ़ती कीमतों ने बढ़ाया रसोई का बजट
वर्ष 2021 में चीनी 38-42 रुपये किलो थी, जो अब 65-80% तक महंगी हो चुकी है. व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत भी 2021-22 में 2000-2100 रुपये थी, जो अब बढ़कर लगभग 3018 रुपये हो गई है. ऐसे में पुरानी दर पर भोजन उपलब्ध कराना रसोई प्रबंधन के लिए मुश्किल हो रहा है.
हर महीने 4-5 लाख का कारोबार, नो-प्रॉफिट नो-लॉस पर चल रही रसोई
जीविका दीदी रसोई में वर्तमान में 16 जीविका दीदी और दो कर्मी कैंटीन मैनेजर मनोहर कुमार व लेखापाल मिथिलेश कुमार कार्यरत हैं. रसोई से हर महीने करीब 4 से 5 लाख रुपये का कारोबार होता है.
कैंटीन मैनेजर ने बताया कि भोजन बनाने से लेकर परोसने तक की जिम्मेदारी दीदियां संभालती हैं और मरीजों व परिजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन देने का प्रयास रहता है.
सीएलएफ और बोर्ड ऑफ डिपार्टमेंट से मंजूरी मिलने के बाद लागू होगी नई दर
कीमत बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार कर सीएलएफ (संकुल स्तरीय संघ) को सौंप दिया गया है. सीएलएफ के अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के अनुमोदन के बाद इसे बोर्ड ऑफ डिपार्टमेंट के समक्ष रखा जाएगा.
प्रत्येक माह की 14 या 15 तारीख को होने वाली बोर्ड की बैठक से मंजूरी मिलने के बाद ही नई दरें लागू की जाएंगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए