नालंदा के हरनौत बाजार में पुलिस की कार्रवाई: वार्ड पार्षद समेत दो के घर की कुर्की जब्ती, भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चला अभियान
फोटो : कुर्की जब्ती के लिए पहुंची पुलिस
नालंदा के हरनौत थाना क्षेत्र में पुलिस ने फरार अभियुक्तों के घर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुर्की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की. इस दौरान स्थानीय बाजार में हलचल का माहौल रहा. पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
BiharSharif Harnout Police Action : नालंदा जिले के बिहारशरीफ अनुमंडल अंतर्गत हरनौत थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार अभियुक्तों के घर कुर्की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की. यह कार्रवाई हरनौत बाजार में की गई, जहां कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस टीम ने आरोपियों की संपत्ति जब्त की. इस दौरान इलाके में काफी देर तक हलचल का माहौल बना रहा और बाजार में मौजूद लोग पुलिस की गतिविधियों को देखते रहे.
आपके शहर में
जानकारी के अनुसार, पुलिस लंबे समय से इन आरोपियों की तलाश में जुटी थी, लेकिन वे लगातार फरार चल रहे थे. इसके बाद न्यायालय से कुर्की जब्ती का आदेश मिलने पर यह कार्रवाई की गई. पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा.
भारी पुलिस बल के साथ पहुंची टीम
इस अभियान में बिहारशरीफ सदर SDPO-2 संजय कुमार जायसवाल, नूरसराय सर्किल इंस्पेक्टर मनीष भारद्वाज और हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि कार्रवाई के दौरान किसी तरह की बाधा न आए.
हरनौत बाजार में अचानक इतनी बड़ी संख्या में पुलिस बल को देखकर वहां मौजूद लोग चौंक गए. खासकर कुछ मनचले युवक पुलिस को देखकर सतर्क हो गए और इधर-उधर हटते नजर आए.
इन लोगों के घर हुई कुर्की
थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा ने बताया कि हरनौत नगर पंचायत के वार्ड संख्या 14 के वार्ड पार्षद अनिल कुमार और बीच बाजार निवासी नीतीश कुमार के घर कुर्की जब्ती की गई. दोनों के खिलाफ कोर्ट से आदेश प्राप्त हुआ था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई.
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. जो भी अभियुक्त कानून से बचने की कोशिश करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है और जल्द ही और कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है.
Also Read : गया जी : शेरघाटी में चारपहिया वाहन के चकमा से बाइक हादसा, एक युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए