शेखपुरा के 21 गांव बनेंगे आदर्श ग्राम, जानिए कैसे हाेगा सर्वे, अधिकारियों को दी गयी ट्रेनिंग

Author Satyendra Kumar|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन

कार्यशाला का उद्घाटन करते डीएम शेखर आनंद| Prabhat Khabar Network

शेखपुरा जिले के 21 अनुसूचित जाति बहुल गांवों को आदर्श ग्राम योजना के तहत विकसित किया जाएगा. केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देना है. जानिए किन गांवों का हुआ चयन और योजना का पूरा खाका.

विज्ञापन

Sheikhpura News : शेखपुरा जिले के अनुसूचित जाति बहुल गांवों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय योजना के तहत चयनित 21 गांवों में आदर्श ग्राम योजना लागू की जाएगी. इसको लेकर गुरुवार को समाहरणालय के मंथन सभागार में जिला पदाधिकारी शेखर आनंद की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर अधिकारियों एवं कर्मियों को विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया.

आपके शहर में

विज्ञापन

21 गांवों में लागू होगी आदर्श ग्राम योजना

कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शेखर आनंद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने शेखपुरा जिले के 21 गांवों का चयन आदर्श ग्राम योजना के लिए किया है. इनमें शेखपुरा प्रखंड के दुल्लापुर, मंदना, गुन्हेसा, हसौड़ी और बाकरपुर बांक, बरबीघा प्रखंड के मलिलचक, उखदी, कन्हौली, मिर्जापुर, मिल्कीचक और गोडड़ीह, अरियरी के रंका, उसरी, बहादुरपुर और देवपुरी, शेखोपुरसराय के शादिकपुर, चेवाड़ा के माने और बेंगुचा तथा घाटकुसुम्भा के पानापुर, जितवारपुर और बेलौनी शामिल हैं.

40 प्रतिशत एससी आबादी वाले गांवों का चयन

जिला कल्याण पदाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि योजना के तहत वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर ऐसे गांवों का चयन किया गया है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी कम से कम 40 प्रतिशत या 500 से अधिक है। गांवों के समग्र विकास के लिए 10 प्रमुख क्षेत्रों में 50 मानक एवं संकेतक निर्धारित किए गए हैं, जिनके आधार पर ग्राम विकास योजना तैयार की जाएगी.

10 प्रमुख क्षेत्रों पर होगा समग्र विकास

योजना के तहत पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, ग्रामीण सड़क एवं आवास, विद्युत, कृषि पद्धति, वित्तीय समावेशन, डिजिटलीकरण तथा आजीविका एवं कौशल विकास जैसे 10 क्षेत्रों में व्यापक विकास कार्य किए जाएंगे. इन सभी क्षेत्रों के लिए अलग-अलग मानकों के अनुरूप योजनाएं तैयार कर उन्हें लागू किया जाएगा.

‘अजय’ मोबाइल ऐप से होगा सर्वेक्षण

बैठक में बताया गया कि चयनित सभी गांवों का विस्तृत सर्वेक्षण अजय’ मोबाइल ऐप के माध्यम से किया जाएगा. इसके बाद ग्राम सभा से योजनाओं की स्वीकृति प्राप्त कर जिला स्तर पर अंतिम अनुमोदन दिया जाएगा. प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी तथा चयनित गांवों के लिए गठित सर्वेक्षण टीम के सदस्य उपस्थित रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन