2 नवंबर की टॉप 10 खबरें: बिहार कांग्रेस कार्यालय पहुंची दिल्ली पुलिस, बुलेट ट्रेन से जुड़ेंगे बिहार के 8 जिले
बिहार प्रदेश कांग्रेस ऑफिस, पटना
बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया हैंडल को कौन चलाता है और इसका इस्तेमाल किन लोगों को करने की अनुमति है? दिल्ली पुलिस ने इन सवालों के जवाब मांगे हैं. बिहार के 8 जिलों से होकर बुलेट ट्रेन गुजारने की तैयारी है. प्रस्तावित रूट में बक्सर, भोजपुर, पटना से लेकर पूर्णिया और किशनगंज तक के इलाके शामिल हैं. पढ़िए बिहार से जुड़ी 10 बड़ी खबरें...
बिहार कांग्रेस कार्यालय पहुंची दिल्ली पुलिस, एक घंटे तक की छानबीन, अमित कुमार को नोटिस
बिहार कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय सदाकत आश्रम में रविवार को दिल्ली पुलिस पहुंची. पुलिस ने करीब एक घंटे तक छानबीन की. इस दौरान बिहार कांग्रेस के ट्विटर हैंडल @INCBihar को चलाने वाले व्यक्ति और इससे जुड़े मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाने की बात सामने आई है. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने इस मामले में अमित कुमार मंडल को नोटिस दिया है. उन्हें 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली स्थित स्पेशल सेल के कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है.
दिल्ली में तेजस्वी यादव ने ज्ञानेश कुमार को बताया कठपुतली, देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग
दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की वोट बचाओ, देश बचाओ रैली में आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लिया. उन्होंने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा चलाने की मांग की. तेजस्वी ने अपने भाषण में महाभारत और शकुनि का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए अब लड़ाई लड़नी होगी. उन्होंने आरोप लगाया कि देश में कौन वोट देगा और कौन नहीं, यह आरएसएस के लोग तय कर रहे हैं.
बिहार के 12 लाख युवाओं के लिए प्लान, मिलेगी AI की ट्रेनिंग, अंग्रेजी बोलना भी सीखेंगे
बिहार के युवाओं के लिए रोजगार की तैयारी को लेकर खास पहल होने जा रही है. राज्य सरकार अब युवाओं को सिर्फ किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहती, बल्कि उन्हें डिजिटल दुनिया और आधुनिक तकनीक में भी सक्षम बनाने की तैयारी कर रही है. इसके लिए कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 'डिजिटल मित्र स्कीम' शुरू करने की योजना बनाई जा रही है. इस योजना के जरिए युवाओं को कंप्यूटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अंग्रेजी संवाद और इंटरव्यू देने की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि वे सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरी के बेहतर अवसर हासिल कर सकें.
बंशीधर-राहुल के BJP को समर्थन पर JDU बोली- लोकतंत्र में सभी को है अधिकार, दोनों ने नहीं ली पार्टी की सदस्यता
बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद निर्दलीय एमएलसी बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज के भाजपा को समर्थन देने का मुद्दा लगातार चर्चा में है. इस पर जदयू के वरिष्ठ नेता और विधायक श्याम रजक ने अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी पसंद के दल का समर्थन करने का अधिकार है. दोनों एमएलसी ने निर्दलीय चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्होंने भाजपा की सदस्यता नहीं ली है. केवल पार्टी को समर्थन दिया है.
BJP में शामिल दोनों MLC की सदस्यता रद्द कराने हाईकोर्ट जाएगी जन सुराज
बिहार विधान परिषद चुनाव के बाद दो नवनिर्वाचित निर्दलीय एमएलसी के भाजपा में शामिल होने पर विवाद बढ़ गया है. तिरहुत स्नातक सीट से बंशीधर ब्रजवासी और सारण शिक्षक सीट से डॉ. राहुल राज ने 31 अक्टूबर को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी. अब प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी ने दोनों की विधान परिषद सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई है. पार्टी ने इसे मतदाताओं के जनादेश का अपमान बताते हुए संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्रवाई की मांग की है.
बिहार के 40 लाख बच्चों को मिलेंगी मुफ्त किताबें, जानें किस जिले में किस भाषा में होगी पढ़ाई
बिहार के सरकारी स्कूलों में कक्षा 1 और 2 के बच्चों को अब स्थानीय भाषाओं में भी पढ़ाया जाएगा. इसके लिए शिक्षा विभाग करीब 40 लाख छात्रों को मुफ्त किताबें उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है. पहले चरण में मैथिली, भोजपुरी, सुरजापुरी, बज्जिका, अंगिका और मगही भाषा में किताबें छापी जाएंगी. विभाग ने इसके लिए पाठ्यक्रम तैयार कराने और पुस्तकों की छपाई शुरू करने के निर्देश दिए हैं.
MLC बंशीधर और राहुल राज के BJP में शामिल होने पर रोहिणी बोलीं- जनादेश की पीठ में खंजर
दो निर्दलीय विधान पार्षदों के भाजपा के समर्थन में आने के बाद एनडीए विपक्ष के निशाने पर है. राहुल राज और बंशीधर ब्रजवासी के इस फैसले पर RJD ने नाराजगी जताई है. लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य ने इसे मतदाताओं के भरोसे के साथ विश्वासघात बताया है, जबकि राज्यसभा सांसद मनोज झा ने इसे 'मैंडेट चोरी' करार देते हुए दोनों की सदस्यता समाप्त करने की मांग की है.
बिहार में 3 से 44 किलोवाट तक का बिजली कनेक्शन लेने पर कितनी लगेगी फीस? अब नहीं होगा फिजिकल वेरिफिकेशन
बिहार में नया बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया अब पहले से आसान और पारदर्शी होगी. बिजली कंपनी ने 150 किलोवाट तक के नए कनेक्शन के लिए फिजिकल वेरिफिकेशन की व्यवस्था खत्म कर दी है. यानी अब जमीन या मकान की जांच और नाप-जोख के लिए इंतजार नहीं करना होगा. नई व्यवस्था में उपभोक्ताओं को लोड के हिसाब से एकमुश्त मानक शुल्क देना होगा. आवेदन करते समय ही यह जानकारी मिल जाएगी कि कनेक्शन के लिए कितनी राशि जमा करनी है.
अनंत सिंह की बेटी की शादी के लिए 10 बीघा जमीन पर तैयारी, अमेरिका में रहते हैं दामाद ऋषिकेश कुमार
मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को होने वाली है. शादी समारोह के लिए उनके पैतृक गांव नदावां में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं. करीब 10 बीघा जमीन पर मेहमानों के स्वागत, खाने-पीने और दूसरे आयोजनों की व्यवस्था की जा रही है. शिवांगी की शादी पटना के बिहटा स्थित कृष्णानगर निवासी कमांडेंट रणविजय सिंह के बेटे ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से तय हुई है. ऋषिकेश पिछले 11 साल से अमेरिका में रह रहे हैं.
खगड़िया SP भानु प्रताप सिंह का विवाद पहुंचा CM आवास, बेटी से मिलाने की गुहार लेकर धरने पर बैठीं पत्नी
बिहार कैडर के आईपीएस अधिकारी और खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह का पारिवारिक विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. अब यह मामला बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास तक पहुंच गया है. रविवार को एसपी भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह अपनी फरियाद लेकर मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरने पर बैठ गयीं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से अपनी छह साल की बेटी से मिलवाने की अपील की.
आपके शहर में
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए