पटना, गया, भागलपुर समेत 5 शहर बनेंगे हाईटेक, 4751 करोड़ की लागत से 2037 तक बदल जाएगी तस्वीर
Published by : Paritosh Shahi Updated At : 17 May 2026 2:46 PM
AI फोटो
Bihar Urban Transformation: बिहार सरकार पटना, गया, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया समेत पांच बड़े शहरों को अगले दस वर्षों में आधुनिक बनाने जा रही है. 4751 करोड़ रुपये की इस योजना के तहत बुनियादी सुविधाएं, रोजगार, ट्रांसपोर्ट और शहरी ढांचे को मजबूत किया जाएगा.
Bihar Urban Transformation: बिहार के पांच शहरों की सूरत आने वाले दस वर्षों में पूरी तरह बदलने वाली है. राजधानी पटना के साथ गयाजी, मुजफ्फरपुर, भागलपुर और पूर्णिया को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की बड़ी तैयारी शुरू हो चुकी है. राज्य सरकार ने इन शहरों के सुनियोजित विकास के लिए करीब 4751 करोड़ रुपये खर्च करने की रूपरेखा तैयार की है. इस योजना के तहत शहरों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा ताकि बढ़ती आबादी के साथ बेहतर शहरी जीवन उपलब्ध कराया जा सके.
2027 से 2037 तक होगा काम
राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस योजना पर तैयारी शुरू कर दी है. योजना के अनुसार 2027 से 2037 तक यानी पूरे दस साल में अलग-अलग चरणों में 4751 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इस दौरान पांच बड़े शहरों में सड़क, जलनिकासी, यातायात, आवास और दूसरी जरूरी शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाएगा.
इस बड़े शहरी परिवर्तन कार्यक्रम के लिए करीब 500 मिलियन डॉलर की सहायता का उपयोग किया जाएगा. सरकार का फोकस सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अन्य शहरों के विकास के लिए भी अलग स्तर पर काम किया जाएगा. इस योजना का मकसद बिहार के शहरों को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार करना है.
बढ़ती आबादी के हिसाब से तैयार हो रहा मास्टर प्लान
बिहार में तेजी से बढ़ रही शहरी आबादी को देखते हुए सरकार अब बिना योजना वाले विस्तार की जगह मास्टर प्लान आधारित विकास मॉडल पर काम कर रही है. शहरों में बढ़ती ट्रैफिक, आवास, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए यह योजना तैयार की गई है. सरकार चाहती है कि आने वाले समय में ये शहर सिर्फ आबादी का केंद्र न बनें, बल्कि बेहतर सुविधाओं और रोजगार के बड़े हब के रूप में विकसित हों.
इस परियोजना को सफल बनाने के लिए राज्य सरकार वर्ल्ड बैंक के साथ मिलकर बिहार अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन प्रोग्राम शुरू करेगी. इसके लिए केंद्र सरकार की सहमति के बाद विश्व बैंक के साथ एमओयू किया जाएगा. यह कार्यक्रम अगले दस वर्षों तक चलेगा और शहरी क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
रोजगार, कारोबार और सुविधाओं का नया दौर
सरकार का मानना है कि इस योजना से पांचों शहरों में न सिर्फ बेसिक इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा, बल्कि बाजार, व्यापार और रोजगार के नए मौके भी बनेंगे. बेहतर सड़कें, आधुनिक सुविधाएं और फेजवाइज विकास से बिहार के प्रमुख शहरों की पहचान नए रूप में सामने आ सकती है. आने वाले वर्षों में यह योजना बिहार के शहरी विकास की दिशा बदलने वाली बड़ी पहल मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार के बीच से गुजरेगा नया ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे, 2028 तक पूरा होगा काम, सिर्फ 6 घंटे में वाराणसी से कोलकाता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Paritosh Shahi
परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










