बिहार STF की लिस्ट में 350 से ज्यादा सुपारी किलर, पूरी कुंडली तैयार, पिछले 8 महीने में क्या-क्या हुआ

Updated:
विज्ञापन

बिहार के 350 सुपारी किलर पर चौबीसों घंटे एसटीएफ की नजर

Bihar STF Action: बिहार में अपराधियों के खिलाफ STF ने बड़ा अभियान चलाया है. टीम ने पैसे लेकर हत्या करने वाले 350 से ज्यादा सुपारी किलरों की सूची तैयार की है. इनमें 30 से ज्यादा गिरफ्तार हो चुके हैं. जनवरी से अब तक 1716 अपराधी पकड़े गए हैं. हथियार और लूटा हुआ सामान भी बरामद हुआ है.

विज्ञापन

Bihar STF Action: बिहार में पैसे लेकर हत्या करने वाले अपराधियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. बिहार एसटीएफ ने ऐसे 350 से ज्यादा सुपारी किलरों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की है. इनमें से 30 से ज्यादा आरोपियों को इस साल जुलाई तक गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. बाकी अपराधियों की तलाश के साथ उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है.

आपके शहर में

विज्ञापन

एसटीएफ के डीआईजी संजय कुमार सिंह ने पुलिस मुख्यालय में हुई प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और कई बड़े गिरोहों पर कार्रवाई की गई है.

आठ महीने में 1716 अपराधी पकड़े गए

डीआईजी ने बताया कि जनवरी से अब तक एसटीएफ ने 1716 ऐसे अपराधियों को गिरफ्तार किया है. ये राज्य, क्षेत्र या जिले के टॉप-10 अपराधियों की सूची में थे या बेहद गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं.

गिरफ्तार किए गए अपराधियों में 63 ऐसे बदमाश भी हैं, जिन पर 25 हजार रुपये से लेकर 3 लाख रुपये तक का इनाम घोषित था. एसटीएफ का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से अपराध पर रोक लगाने में काफी मदद मिली है.

मुठभेड़ और गिरोहों पर कार्रवाई से कमजोर हुआ नेटवर्क

एसटीएफ ने कुख्यात अपराधियों के खिलाफ कई स्तर पर कार्रवाई की है. पुलिस की मुठभेड़ों और लगातार दबिश के चलते कई अपराधी गिरोह कमजोर हुए हैं. संगठित अपराध से जुड़े लोगों को पकड़ने के लिए भी अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है.

जिलों में तैनात एसटीएफ के अधिकारी अपराधियों का डाटाबेस तैयार कर रहे हैं. इसमें भू-माफिया और दूसरे संगठित अपराधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. अपराध से कमाई गई संपत्ति को जब्त कराने के लिए कई मामलों में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी को प्रस्ताव भेजे जा रहे हैं.

अपराधियों के नेटवर्क की NIA स्तर पर भी जांच

एसटीएफ के मुताबिक कुछ बड़े अपराधी नेटवर्क की जांच एनआईए स्तर पर भी की जा रही है. इसका मकसद अपराधियों के पूरे नेटवर्क तक पहुंचना और उसके पीछे काम करने वाले लोगों की पहचान करना है.

इस साल कार्रवाई के दौरान करीब 10 किलो लूटा गया सोना, 50 किलो चांदी और 11.97 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं. इन मामलों में शामिल 113 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है.

साइबर अपराध के 19 मामले सुलझाए

एसटीएफ ने साइबर अपराध से जुड़े 19 मामलों को भी सुलझाया है. इसके अलावा पटना, नालंदा, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, बेगूसराय, समस्तीपुर और किशनगंज से 10 अपहृत लोगों को बरामद किया गया. प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसटीएफ एसपी अंजनी कुमार भी मौजूद रहे.

एसटीएफ की कार्रवाई सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रही. आपराधिक मामलों में शामिल 27 आरोपियों को दूसरे राज्यों से गिरफ्तार कर बिहार लाया गया. इससे उन अपराधियों तक भी पुलिस पहुंची, जो वारदात के बाद राज्य से बाहर जाकर छिपे हुए थे.

वारदात से पहले 94 अपराध रोके गए

एसटीएफ ने कई मामलों में अपराध होने से पहले ही उसे रोकने में सफलता पाई. कुल 94 ऐसी आपराधिक घटनाओं को पहले ही रोक दिया गया. इनमें हत्या के 40 मामले, डकैती और छिनैती के 48 मामले और दूसरे अपराधों से जुड़े 6 मामले शामिल हैं.

आठ महीने के दौरान एसटीएफ और अपराधियों के बीच 19 मुठभेड़ हुईं. इन घटनाओं में तीन अपराधी मारे गए, जबकि 18 बदमाश घायल हुए. पुलिस के मुताबिक इन अभियानों का मकसद कुख्यात अपराधियों और उनके गिरोहों पर दबाव बढ़ाना और इलाके में अपराध पर लगाम लगाना है.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

33 मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा

अवैध हथियार बनाने वालों के खिलाफ भी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है. इस साल 33 मिनी गन फैक्ट्री का पता लगाकर उन्हें पकड़ा गया. कार्रवाई के दौरान एक AK-47 राइफल, दो INSAS राइफल और 398 देसी हथियार जब्त किए गए. इससे अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है.

इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 नए एयरपोर्ट की तैयारी, नेपाल सीमा के पास से उड़ेंगे फाइटर प्लेन, 2030 तक का प्लान जानिए



विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन