रक्सौल, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया में कब से उड़ेगी फ्लाइट? आ गई चालू होने की डेडलाइन
रक्सौल से पूर्णिया तक, बिहार के इन एयरपोर्ट्स की सामने आई पूरी टाइमलाइन
Bihar New Airports: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए कई एयरपोर्ट प्रोजेक्ट पर काम तेज हुआ है. रक्सौल एयरपोर्ट को अप्रैल 2029 तक चालू करने का लक्ष्य है, जबकि मुजफ्फरपुर और पूर्णिया एयरपोर्ट 2028 में शुरू करने की तैयारी है. बीरपुर, वाल्मीकिनगर और सहरसा में भी अलग-अलग स्तर पर काम जारी है.
Bihar New Airports: बिहार में हवाई कनेक्टिविटी मजबूत करने के लिए राज्य सरकार और नागरिक उड्डयन विभाग की ओर से प्रशासनिक और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा रही है.
विकास आयुक्त कोषांग से मिली जानकारी के अनुसार, कई शहरों में एयरपोर्ट और एयरस्ट्रिप से जुड़े काम अलग-अलग चरण में चल रहे हैं. रक्सौल, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया के लिए समयसीमा भी तय की गई है.
रक्सौल एयरपोर्ट अप्रैल 2029 तक होगा चालू
रक्सौल एयरपोर्ट के लिए भूमि अधिग्रहण का काम पूरा हो चुका है. अब एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर की इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी और रनवे विस्तार की प्रक्रिया चल रही है.
सरकार ने इसे अप्रैल 2029 तक पूरा कर चालू करने का लक्ष्य रखा है. रक्सौल में रनवे और उससे जुड़े एयरसाइड काम के लिए AAI की इंजीनियरिंग कंसल्टेंसी टेंडर प्रक्रिया भी जारी है.
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट पर करीब 59 करोड़ का काम
मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन, एटीसी टावर और फायर स्टेशन आदि के लिए 27.67 करोड़ रुपये का कार्यादेश जारी किया गया है.
इसके अलावा रनवे, एप्रन और टैक्सीवे निर्माण के लिए 31.20 करोड़ रुपये का कार्यादेश दिया गया है. दोनों को मिलाकर काम की कुल राशि करीब 58.87 करोड़ रुपये है. मुजफ्फरपुर एयरपोर्ट को 2028 में शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है.
पूर्णिया एयरपोर्ट के लिए भी तय हुई समयसीमा
पूर्णिया एयरपोर्ट के न्यू सिविल एन्क्लेव की निविदा प्रक्रिया चल रही है. योजना के मुताबिक इसका निर्माण मई 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है. इसके बाद जून 2028 तक इसे चालू करने की योजना है.
बीरपुर और वाल्मीकिनगर में टेंडर प्रक्रिया जारी
बीरपुर और वाल्मीकिनगर में भी एयरपोर्ट से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. बीरपुर को 'कोड-2बी' प्रकार के विमानों के अनुकूल विकसित किया जा रहा है. दोनों जगह टर्मिनल, एटीसी टावर, विद्युतीकरण और रनवे निर्माण की टेंडर प्रक्रिया जारी है.
सहरसा में फिर से होगा टेंडर
सहरसा एयरपोर्ट के लिए टर्मिनल और एटीसी भवन बनाने की प्रक्रिया में फिलहाल थोड़ा इंतजार करना होगा.
यहां मिली बोलियों की राशि असामान्य रूप से कम पाई गई. इसके बाद अब सहरसा एयरपोर्ट के लिए री-टेंडर कराया जा रहा है.
किशनगंज में 24.70 एकड़ जमीन का अधिग्रहण
किशनगंज में रनवे की लंबाई 1,000 मीटर बढ़ाने की तैयारी है. इसके लिए 24.70 एकड़ जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है.
वहीं फारबिसगंज एयरपोर्ट को मॉडिफाइड 'उड़ान' योजना के तहत विकसित करने के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण यानी AAI से सहमति मांगी गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
सबेया एयरस्ट्रिप का सर्वे आगे बढ़ेगा
गोपालगंज के सबेया एयरस्ट्रिप का प्री-फिजिबिलिटी अध्ययन सफल रहा है. अब यहां ओएलएस सर्वे की तैयारी की जा रही है. इससे एयरस्ट्रिप को विकसित करने की आगे की प्रक्रिया में मदद मिलेगी.
छपरा में सीमित जमीन और आसपास घनी आबादी के कारण एयरपोर्ट निर्माण में तकनीकी चुनौतियां सामने आ रही हैं.
बेगूसराय के उलाव में बरौनी रिफाइनरी, एनएच-31 और घनी बस्तियों की नजदीकी प्रमुख बाधाएं हैं. यहां ओएलएस सर्वे कराने के लिए एएआई से अनुरोध किया गया है.
इसे भी पढ़ें: राशन कार्ड: 1 अक्टूबर से ब्लॉक हो जाएगा इन लोगों का राशन कार्ड, पहले मिलेगा सुधार का मौका
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए