बिहार में चली तबादला एक्सप्रेस, 7 IAS समेत 45 BAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर, देखिए नाम
सांकेतिक फोटो
Bihar IAS Transfer: बिहार में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए रविवार को 7 आईएएस और 45 बिहार प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का बड़ा तबादला किया गया है. संजय कुमार को SC-ST विभाग का अपर सचिव और तुषार कुमार को पूर्णिया का नया SDO बनाया गया है.
Bihar IAS Transfer: बिहार में सात आइएएस अधिकारियों सहित बिहार प्रशासनिक सेवा (बीएएस) के 45 अधिकारियों का तबादला रविवार को किया गया है. सामान्य प्रशासन विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है. विशेष कार्य पदाधिकारी, राज्य निर्वाचन आयोग संजय कुमार को अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग का अपर सचिव बनाया गया है.
आपके शहर में
गया के बंदोबस्त पदाधिकारी मुकेश कुमार को भविष्य निधि निदेशालय, वित्त विभाग में पदस्थापित किया गया है. यह प्रशासनिक फेरबदल जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुचारु बनाने के उद्देश्य से किया गया है.
अधिसूचना के अनुसार मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर सचिव अभिलेष कुमार सिंह को कृषि विभाग का अपर सचिव बनाया गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार रजक को युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में अपर सचिव के पद पर भेजा गया है. नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव मनोज कुमार का हाल ही में जारी स्थानांतरण आदेश निरस्त कर उन्हें उसी विभाग में यथावत बनाए रखा गया है.
सारा अशरफ और तुषार कुमार को नयी जिम्मेदारी
सरकार ने हाल ही में खाद्य संरक्षण उद्योग विभाग के निदेशक बनाए गए सारा अशरफ को अब नालंदा जिला परिषद की उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर पदस्थापित किया है. मुजफ्फरपुर पूर्व के अनुमंडल पदाधिकारी तुषार कुमार को पूर्णिया का अनुमंडल पदाधिकारी बनाया गया है और उन्हें कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी दी गयी हैं.
बिहार प्रशासनिक सेवा के 45 अधिकारियों का तबादला
दूसरी अधिसूचना के तहत 45 बिहार प्रशासनिक सेवा अधिकारियों का व्यापक पैमाने पर तबादला किया गया है. इनमें बड़ी संख्या में अधिकारियों को अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता और बंदोबस्त पदाधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर नयी जिम्मेदारी सौंपी गई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
पटना में सौंपी गयी जिम्मेदारी
पटना में नयी जिम्मेदारी पाने वाले अधिकारियों में संजीत कुमार को कंकड़बाग अंचल, पटना नगर निगम का कार्यपालक पदाधिकारी बनाया गया है. धर्मराज कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी, मसौढ़ी बनाया गया है.
राजीव कुमार को उद्योग विभाग में संयुक्त सचिव के पद पर पदस्थापित किया गया है. इसके अलावा संजय कुमार, मुकेश कुमार, अभिलेष कुमार सिंह, मनोज कुमार रजक और मनोज कुमार को भी पटना स्थित विभिन्न विभागों में नयी जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
ट्रांसफर होने वाले प्रमुख अधिकारियों में रंजीत कुमार को एसडीओ डुमरांव, रंजो कुमारी को डीडीसी भागलपुर, गौरव सिंह को एसडीओ औरंगाबाद, प्रवीण कुमार को जिला परिवहन पदाधिकारी समस्तीपुर, प्रशांत अभिषेक को एसडीओ बाढ़ तथा रवि शंकर अरविंद को भूमि सुधार उप समाहर्ता, मुंगेर बनाया गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि नई पदस्थापना पाने वाले अधिकारियों को प्रावधानों के तहत संबंधित क्षेत्रों में कार्यपालक दंडाधिकारी की शक्तियां भी प्रदान की जाएंगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए