Bihar Breaking News Live: औरंगाबाद जिले के टॉप 10 अपराधी सुरेश राजवंशी को एसटीएफ ने पकड़ा
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
औरंगाबाद जिले के टॉप 10 अपराधी सुरेश राजवंशी को एसटीएफ ने पकड़ा
पटना. बिहार पुलिस की एसटीएफ (स्पेशल टास्क फोर्स) ने औरंगाबाद जिले के टॉप-10 में शामिल कुख्यात सुरेश राजवंशी को अवैध आग्नेयास्त्र के साथ गिरफ्तार किया है. अरवल जिला पुलिस के सहयोग से रोहतास के नोखा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर उसकी गिरफ्तारी की गयी. सुरेश राजवंशी के विरुद्ध औरंगाबाद एवं अरवल जिले के विभिन्न थानों में लूट एवं आर्म्स एक्ट के कई कांड दर्ज हैं. कुख्यात के साथ उसके दो सहयोगियों मुन्ना राम और अभिमन्यु राम की भी गिरफ्तारी हुई है.
नवंबर के पहले पखवाड़े में फिर बिहार आयेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
पटना. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह नवंबर के पहले पखवाड़े में पुन: बिहार आयेंगे. लोकसभा प्रवास कार्यक्रम के तहत पांच नवंबर को मुजफ्फरपुर के पताही एयरपोर्ट मैदान पर उनकी जनसभा तय की गयी है. हालांकि पार्टी ने जगह और तिथि को लेकर आधिकारिक रूप से अभी बोलने से इंकार किया है. लेकिन, केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गयी है. केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने सोमवार को तैयारियों के मद्देनजर स्थल निरीक्षण भी किया. मालूम हो कि अगस्त 2022 में बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अमित शाह छह बार बिहार दौरे पर आ चुके हैं. अगले महीने उनका सातवां दौरा होगा. लोकसभा की सभी 40 सीटों पर जीत दर्ज करने के उद्देश्य से मिशन-40 के तहत बिहार के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में केंद्रीय गृह मंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष की जनसभाएं हो रही हैं. पिछली बार 16 सितंबर को झंझारपुर लोकसभा क्षेत्र में उनका दौरा हुआ था.
दुर्गावती नदी में डूबने से महिला की मौत
कर्मनाशा. दुर्गावती नदी में स्नान के दौरान मंगलवार को सावठ गांव की एक महिला की डूबने से मौत हो गयी. मृत महिला का शव नदी में अकोढी के समीप बरामद किया गया. मृतका सावठ गांव निवासी बाढू सोनार की पत्नी चंदा देवी बतायी जाती है. जानकारी के अनुसार बाढू सोनार की पत्नी चंदा देवी नदी में स्नान करने के लिए गयी थी. नहाते समय गहरे पानी में चली गयी, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गयी. घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोगों की मौके पर भारी भीड़ जुट गयी. इसके बाद ग्रामीणों ने दुर्गावती नदी में उक्त महिला की शव तलाशना शुरू की, काफी खोजबीन के बाद महिला का शव उधपुरा गांव के समीप बरामद की गयी. घटना से परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम हेतु भभुआ भेज दिया.
पोखर में डूबने से युवक की मौत
पकरीबरावां. मंगलवार को पकरीबरावां थाना क्षेत्र के लीलो गांव में पोखर में नहाने के दौरान निवास सिंह के 18 वर्षीय पुत्र गौतम कुमार की मौत डूब जाने से हो गयी. बताया जाता है कि युवक भैंस धोने के लिए पोखर किनारे गया था, तभी उसका पैर फिसल गया और पोखर में डूब गया. लोग बचाने का प्रयास किये, लेकिन वह पोखर के भीतर चला गया. इस कारण युवक की मौत हो गयी. बाद में लोग पोखर से बालक को बाहर निकाल कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां लाये, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना की सूचना जैसा ही परिवार के लोगों को मिली, तो परिजनों के चीत्कार से गांव का माहौल गमगीन हो गया. इसकी सूचना पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अंत परीक्षण के लिए नवादा भेज दिया है.
जहर खाने से महिला की मौत
झंझारपुर/अंधराठाढ़ी. अनुमंडल के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के डुमरा वार्ड एक में जहर खाने से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा कि फोन पर पति-पत्नी में बहस हुई थी. जिससे गुस्सा में महिला के जहर खाने की बात बतायी जा रही है. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मिली जानकारी के अनुसार मृतका कबीला भैरवस्थान थाना क्षेत्र के भरौल गांव की रहने वाली है. आठ साल पूर्व डुमरा गांव निवासी मो. सलाउद्दीन के साथ निकाह हुआ था. जिसमें दो पुत्र और एक पुत्री है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतका कबीला तकरीबन 6 से 7 प्राइवेट लोन लेकर कामकाज कर रही थी. लोगों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच फोन पर कुछ अनबन हुआ. फिर पत्नी ने जहर खा ली. पड़ोस के लोगों ने आनन फानन में उसे इलाज के लिए ले गये. तब तक उनके मायके से भी लोग आए और उसे इलाज के लिए दरभंगा ले गये. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतका के पति मो. सलाउद्दीन महाराष्ट्र में मजदूरी करते है. घटना से गांव में मातम छाया हुआ है. रुद्रपुर एसएचओ आयशा कुमारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद बताया जा सकता है. मृतका के परिजन के द्वारा थाना में आवेदन नहीं दिया गया है.
पोखर मे डूबने से एक व्यक्ति की मौत
पहाड़पुर. थाना क्षेत्र के खैरवा स्थित तालाब में 35 वर्षीय व्यक्ति की मौत डूबने से हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार इन्द्रवाभार गांव निवासी नेयाज अंसारी सुबह शौच करने के लिए खैरवा सरेह में गया था. इस दौरान पैर फिसलने से तालाब के गहरे पानी में चला गया, जिससे मौत हो गयी. इसकी सूचना सीओ अमित कुमार को दिया. वहीं थानाध्यक्ष अम्बेश कुमार ने पुलिस बल को भेजकर शव को पोस्टमार्टम हेतु मोतिहारी भेज दिया. सीओ ने बताया कि हल्का कर्मचारी को जल्द ही रिपोर्ट तैयार कर अंचल कार्यालय को जमा करने का निर्देश दिया गया है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए